Aaj ka mausam 12 April 2026: कुछ दिनों तक लगातार बारिश के बाद अब मौसम ने यू-टर्न ले लिया है। पिछले कुछ दिनों तक जहां बारिश के कारण हल्की राहत महसूस हो रही थी, अब वही मौसम अचानक से करवट लेकर तेज धूप और बढ़ते तापमान में बदल गया है।
देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का अलग-अलग रंग देखने को मिल रहा है। उत्तर भारत में तपिश बढ़ रही है, पश्चिम में उमस परेशान कर रही है, तो पहाड़ों और दक्षिण भारत में राहत की झलक भी मिल रही है। चलिए जानते हैं आज 12 अप्रैल को देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल।
देश की राजधानी दिल्ली समेत नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है। आज अधिकतम तापमान 38°C से 40°C के बीच रहने का अनुमान है। दोपहर के समय गर्म हवाएं चल सकती हैं, जो लू जैसा एहसास कराएंगी।। साथ ही 15-20 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं अपने साथ धूल भी उड़ा सकती हैं, जिससे सड़कों पर चलना थोड़ा मुश्किल होगा।
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से, जो दिल्ली से सटे हैं, वहां गर्मी का प्रकोप ज्यादा रहेगा। हालांकि, पूर्वी यूपी में बादलों की लुका-छिपी देखने को मिल सकती है, जिससे वहां तापमान थोड़ा कंट्रोल में रहेगा।
राजस्थान में गर्मी अब अपने पूरे तेवर में आ गई है। पश्चिमी इलाकों जैसे जैसलमेर और बीकानेर में तापमान 42–44°C तक पहुंच सकता है, जिससे दिन में हालात बेहद मुश्किल हो जाएंगे। रेगिस्तानी क्षेत्रों में लू चलने के आसार हैं, जो लोगों की परेशानी और बढ़ाएगी। वहीं पूर्वी राजस्थान में भी पारा 39–41°C के आसपास बना रहेगा, यानी पूरे राज्य में गर्मी का दबदबा साफ नजर आएगा।
पंजाब और हरियाणा में अब गर्मी का असर होने लगा है। तेज धूप और चलती गर्म हवाएं दिन को और ज्यादा तपाने वाली हैं, जहां तापमान 37 से 41°C तक पहुंच सकता है। खासकर दोपहर के वक्त बाहर निकलना चुनौती भरा रहेगा, क्योंकि लू जैसे हालात बन सकते हैं। हालांकि शाम को हल्के बादल थोड़ी राहत जरूर दे सकते हैं, लेकिन बारिश की उम्मीद फिलहाल ना के बराबर है।
उत्तर-पूर्व भारत में मौसम काफी एक्टिव रहेगा। असम और मेघालय में 14 अप्रैल तक हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 15 अप्रैल तक बिजली गिरने और तूफान की आशंका है। 14 अप्रैल को अरुणाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश भी हो सकती है।
पूर्वी भारत के कुछ हिस्सों में भी मौसम बदला रहेगा। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में आज 12 अप्रैल को बारिश और तेज हवाओं का असर रहेगा।
दक्षिण भारत में भी कुछ राज्यों में बारिश की संभावना है। कर्नाटक के अंदरूनी इलाकों में 13 से 15 अप्रैल के बीच बारिश हो सकती है। केरल और माहे में 13 अप्रैल तक बिजली गिरने और हल्की बारिश की संभावना है।
गर्मी के साथ ही कुछ राज्यों में लू का खतरा भी बढ़ रहा है। छत्तीसगढ़ में 14 से 17 अप्रैल के बीच हीटवेव की स्थिति बन सकती है। ओडिशा में 13 और 14 अप्रैल को, जबकि पूर्वी मध्य प्रदेश में 16 और 17 अप्रैल को लू चलने की संभावना है।
कुछ इलाकों में सिर्फ गर्मी ही नहीं, बल्कि उमस भी लोगों की परेशानी बढ़ाएगी। तटीय पश्चिम बंगाल, झारखंड, गुजरात, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में 17 अप्रैल तक गर्म और उमस भरा मौसम रहेगा।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.