Aaj ka mausam 20 February 2026: फरवरी का महीना अब करवट ले रहा है। सुबह की हल्की ठंड और दिन की नरम धूप के बीच मौसम धीरे-धीरे बदलता नजर आ रहा है। लेकिन राहत की ये तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं है। आने वाले कुछ दिनों में कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश, कहीं गरज-चमक तो कहीं तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली में सुबह धुंध, दिन में साफ आसमान
मौसम विभाग के मुताबिक, राजधानी दिल्ली में आज 20 फरवरी को आसमान ज्यादातर साफ रहेगा, लेकिन सुबह के वक्त हल्की धुंध हो सकती है। दिन चढ़ने के साथ धूप खिली रहेगी। आने वाले दिनों में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी के संकेत हैं।
वहीं उत्तर-पश्चिम भारत में अगले 7 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़त संभव है।
यूपी में बारिश की संभावना
मौसम विभाग की मानें तो आज 20 फरवरी को उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके बाद आसमान धीरे-धीरे साफ होने लगेगा। वहीं 22 से 24 फरवरी के बीच कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ फुहारें पड़ सकती हैं और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।
तमिलनाडु-केरल में बारिश का अलर्ट
21 और 22 फरवरी को दक्षिण तमिलनाडु, केरल और माहे में कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। इन इलाकों में तेज बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर जलभराव जैसी स्थिति बन सकती है।
महाराष्ट्र में बढ़ेगा तापमान
महाराष्ट्र में अगले 4 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ सकता है, लेकिन उसके बाद 3 दिनों में इतनी ही गिरावट दर्ज हो सकती है। अधिकतम तापमान में फिलहाल बड़ा बदलाव नहीं, लेकिन 2 से 3 डिग्री की बढ़त आगे संभव है।
पहाड़ों पर फिर बदलेगा मौसम, बारिश और बर्फबारी के आसार
23 फरवरी को हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं उत्तराखंड में 22 से 24 फरवरी के बीच अलग-अलग इलाकों में बारिश या बर्फ गिरने की संभावना है। पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह है।
बंगाल-झारखंड-ओडिशा में गरज-चमक के साथ बारिश
23 और 24 फरवरी को ओडिशा में, जबकि 24 फरवरी को गंगीय पश्चिम बंगाल और झारखंड में हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। पूर्वी भारत में अगले 3 दिनों तक न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, उसके बाद चार दिनों तक खास बदलाव की उम्मीद नहीं है।
कुल मिलाकर फरवरी का मौसम अब धीरे-धीरे सर्दी से गर्मी की ओर बढ़ रहा है। हालांकि बीच-बीच में बारिश और गरज-चमक का दौर मौसम को दिलचस्प बनाए रखेगा। अगर आप यात्रा या बाहर के काम की योजना बना रहे हैं, तो अपने राज्य का ताजा मौसम अपडेट जरूर चेक करें।