Aaj ka mausam: देशभर में मौसम का हाल हर दूसरे दिन बदल रहा है। एक तरफ जहां गर्मी धीरे-धीरे दस्तक दे रही है, वहीं दूसरी ओर कई इलाकों में बारिश और ठंड लोगों को चौंका रही है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 13 और 16-17 फरवरी के दौरान पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में दो पश्चिमी विक्षोभ के असर से बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। इसके असर से तापमान में गिरावट आएगी और ठंड फिर से बढ़ सकती है।
दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में 13 फरवरी को मौसम साफ रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। सुबह के समय हल्की ठंड का एहसास रहेगा। हालांकि बारिश न होने की वजह से प्रदूषण स्तर फिर से बढ़ने लगा है।
यूपी में कोहरे की मार
उत्तर प्रदेश में आज मौसम में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि, प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में सुबह के समय ठंड और घने कोहरे की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार गोरखपुर, देवरिया, प्रयागराज, कानपुर, लखनऊ, शामली, बरेली, बहराइच, बलरामपुर, महाराजगंज, संत कबीर नगर, कुशी नगर, आजमगढ़, बलिया और मिर्जापुर में घने कोहरे का अलर्ट है।
बिहार में मौसम में कोई बदलाव नहीं
बिहार में भी मौसम सामान्य रहने का पूर्वानुमान है। यहां बारिश की संभावना नहीं है। कुछ जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे की चेतावनी जारी है। पटना में अधिकतम तापमान 26°C और न्यूनतम 12°C रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड-हिमाचल में 16 फरवरी से बदलेगा मौसम का मिजाज
उत्तराखंड में फिलहाल आसमान साफ रहेगा, लेकिन 16 से 18 फरवरी के बीच तेज बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। चमोली, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और पौड़ी गढ़वाल में बारिश का अनुमान है। कुछ स्थानों पर ओले भी गिर सकते हैं। हिमाचल प्रदेश में भी आज मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 16 फरवरी के बाद मूसलाधार बारिश का अलर्ट है। मंडी, बिलासपुर, चंबा और कुल्लू में बारिश की संभावना है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में 14 फरवरी तक सुबह के समय घने कोहरे की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर में और गिरेगा तापमान
जम्मू और कश्मीर में आज ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार आज यहां तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। गुलमर्ग, सोनमर्ग और श्रीनगर के आसपास बादल छाए रहेंगे। अगले 12 घंटों में कुछ स्थानों पर बारिश संभव है। मंगलवार को जम्मू, सांबा, कठुआ सहित कुछ जिलों में बारिश की चेतावनी है।
राजस्थान में 17 फरवरी को बदलेगा मौसम
राजस्थान में चार दिन मौसम साफ रहेगा, लेकिन 17 फरवरी को जयपुर और आसपास के इलाकों में बारिश हो सकती है।
इन राज्यों में भी बारिश के आसार
अरुणाचल प्रदेश में 14 और 15 फरवरी को अलग-अलग स्थानों पर बारिश की संभावना है। 17 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
कहीं घना कोहरा, कहीं उमस भरी गर्मी
मेघालय में 13 फरवरी को सुबह के समय घने कोहरे की संभावना है। वहीं तटीय कर्नाटक में 12-13 फरवरी और कोंकण-गोवा में 14-15 फरवरी को गर्म और उमस भरे हालात रह सकते हैं।