Aaj ka mausam: देशभर में मौसम का मिजाज अलग-अलग राज्यों में बदला हुआ है। एक के बाद एक दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं, जिनके असर से देश के कई हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बन रही है। खासकर पश्चिमी हिमालयी इलाकों और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी क्षेत्रों में 13, 17 और 18 फरवरी को मौसम बदला हुआ नजर आ सकता है। इस बीच चलिए जानते हैं आज 14 फरवरी को देशभर में कैसा रहेगा मौसम का हाल।
दिल्ली में आज का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में आज 14 फरवरी को मौसम साफ रहने की उम्मीद है। सुबह हल्का कोहरा दिख सकता है, लेकिन दिन में धूप और हल्की गर्माहट महसूस होगी। 16 फरवरी के बाद हल्की बूंदाबांदी मौसम को बदल सकती है।
यूपी से चंडीगढ़ तक बारिश की संभावना
उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में 17 और 18 फरवरी 2026 को बारिश के साथ गरज-चमक की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तर राजस्थान में 17 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है।
बिहार में कैसा रहेगा 14 फरवरी का मौसम
बिहार में फिलहाल मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है। हालांकि, सुबह के वक्त कई इलाकों में कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।
पहाड़ी इलाकों में बारिश और बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग के मुताबिक, दो पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में अलग-अलग जगहों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर-लद्दाख में 16 और 17 फरवरी को मौसम बिगड़ सकता है। वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 17 और 18 फरवरी को बारिश या बर्फबारी देखने को मिल सकती है। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश में 15 फरवरी तक सुबह के समय कुछ जगहों पर घना कोहरा छा सकता है।
अरुणाचल प्रदेश में बारिश
अरुणाचल प्रदेश में 15 फरवरी और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 16 और 17 फरवरी को भी बारिश की संभावना जताई गई है।
महाराष्ट्र में मौसम रहेगा साफ
मौसम विभाग के अनुसार महाराष्ट्र में अगले चार दिन कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा, फिर उसके बाद धीरे-धीरे तापमान में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है। देश के बाकी हिस्सों में भी फिलहाल न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं है। वहीं तटीय कर्नाटक में 15 फरवरी और कोंकण व गोवा में 14 और 15 फरवरी को गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।
उत्तर-पश्चिम भारत में अगले दो दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में तापमान 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। मध्य भारत में भी अगले दो दिन तापमान स्थिर रहेगा और उसके बाद 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।