Aaj ka mausam 15 February 2026: देशभर में ठंड अब धीरे-धीरे कम होती दिख रही है। सुबह-शाम की हल्की ठिठुरन तो है, लेकिन दिन में धूप का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में कुछ राज्यों में तापमान चढ़ेगा, तो कहीं बारिश और तेज हवाएं मौसम का मूड बदल सकती हैं। आइए जानते हैं किस राज्य में कैसा रहेगा हाल।
दिल्ली-यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली में मौसम साफ रहने का अनुमान है। राजधानी में दिन के समय अच्छी धूप के कारण ठंड से राहत मिलेगी और रात में हल्की ठंड महसूस होगी। वहीं उत्तर प्रदेश में भी अभी मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने इसके लिए चेतावनी जारी की है।
बिहार में बादल, लेकिन बारिश नहीं
बिहार में अगले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहेगा, यहां बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि पटना और आसपास के जिलों में आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। तापमान में फिलहाल बड़ा बदलाव नहीं दिख रहा।
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का असर
राजस्थान में अभी मौसम शुष्क बना रहेगा। जयपुर मौसम केंद्र के अनुसार अगले दो-तीन दिन सूखे हालात रहेंगे। हालांकि 17 और 18 फरवरी को एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के चलते कुछ इलाकों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही अगले तीन-चार दिनों में तापमान में हल्की बढ़ोतरी के संकेत हैं।
मध्य प्रदेश में भी बारिश का अलर्ट
मध्य प्रदेश के लिए भी मौसम विभाग ने 18 और 19 फरवरी को बारिश की संभावना जताई है। फिलहाल मौसम शांत है, लेकिन कुछ जिलों में बादल और हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 16 और 17 फरवरी को कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी हो सकती है। हिमाचल प्रदेश में 15 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है, जबकि 16 और 17 फरवरी को बारिश या बर्फबारी हो सकती है। उत्तराखंड में 17 और 18 फरवरी को कुछ इलाकों में बारिश या हिमपात की संभावना जताई गई है।
पंजाब-हरियाणा में गरज-चमक के आसार
17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर राजस्थान में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी इसी दौरान बारिश की संभावना है।
महाराष्ट्र और दक्षिण में बढ़ेगा तापमान
महाराष्ट्र और कर्नाटक के कई हिस्सों में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। तटीय कर्नाटक में 14 से 16 फरवरी और कोंकण-गोवा में 15 और 16 फरवरी को गर्म और उमस भरे हालात रह सकते हैं।