Aaj ka mausam 18 February 2026: फरवरी का महीना आधा बीत चुका है और लग रहा था कि अब सर्दी धीरे-धीरे विदा ले रही है। लेकिन ठीक इसी बीच मौसम ने फिर करवट ले ली है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 18 फरवरी के लिए नई चेतावनी जारी की है। विभाग के मुताबिक एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर कई राज्यों में दिखेगा। कहीं बारिश, कहीं बर्फबारी तो कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। आइए जानते हैं अलग-अलग राज्यों में आज कैसा रहेगा मौसम।
दिल्ली में आज का मौसम
IMD के अनुसार 18 फरवरी को दिल्ली में दिनभर आसमान आमतौर पर बादलों से घिरा रहेगा। सुबह के समय कुछ इलाकों में बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। इस दौरान 30–40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। दोपहर के आसपास कुछ स्थानों पर हल्की बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 18 फरवरी को बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तर-पश्चिम भारत के अन्य हिस्सों में भी हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
राजस्थान-हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि के आसार
हरियाणा और राजस्थान में 18 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश और 30–40 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। पंजाब और पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना है। किसानों के लिए यह महत्वपूर्ण अलर्ट है।
मध्य प्रदेश में 18 फरवरी का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी मध्य प्रदेश में भी 18 फरवरी को गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम सक्रिय रह सकता है। उत्तराखंड में 18 और 19 फरवरी को असर कुछ ज्यादा दिख सकता है।
कहां बढ़ेगा-घटेगा तापमान?
उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अधिकतम तापमान अगले दो दिनों में 2-4 डिग्री तक गिर सकता है, जिससे अस्थायी राहत मिलेगी। इसके बाद अगले पांच दिनों में फिर से 2-4 डिग्री की बढ़ोतरी संभव है।
गुजरात में अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान 2-3 डिग्री बढ़ सकता है। दक्षिणी महाराष्ट्र में अगले दो दिनों में 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी और फिर स्थिर स्थिति रहने की संभावना है।
पूर्वी भारत में फिलहाल कोई बड़ा बदलाव नहीं, लेकिन उसके बाद 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। मध्य भारत में भी अगले 24 घंटों में 2-3 डिग्री की बढ़त और फिर तापमान सामान्य रहने का अनुमान है।
ओडिशा-आंध्र प्रदेश में कोहरे की चेतावनी
ओडिशा और तटीय आंध्र प्रदेश व यनम में 19 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है। यात्रियों और वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।