
Aaj ka mausam 25 February 2026: उत्तर भारत के कई हिस्सों में अब जैकेट और स्वेटर अलमारी के अंदर जाने लगे हैं और पंखे बाहर आने लगे हैं। वहीं, दूसरी तरफ कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट जारी है। इस बीच चलिए जानते हैं आज 25 फरवरी को कैसा रहेगा देशभर में मौसम का हाल।
उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में इस हफ्ते अधिकतम तापमान सामान्य से 3-5 डिग्री सेल्सियस तक ज्यादा रहने की संभावना है। अगले 7 दिनों में यहां के मैदानी इलाकों में तापमान धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। सीधा मतलब है कि दिन के समय धूप तेज महसूस होगी और फरवरी के आखिरी हफ्ते में ही हल्की गर्मी का एहसास होने लगेगा। खासतौर पर दोपहर के समय बाहर निकलने वालों को ज्यादा गर्मी महसूस हो सकती है।
दिल्ली में 25 फरवरी को मौसम ज्यादातर साफ रहने वाला है। सुबह के समय हल्की धुंध देखने को मिल सकती है, जिससे शुरुआत में हल्की ठंड महसूस होगी। लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, आसमान बिल्कुल साफ हो जाएगा और धूप खिली रहेगी। दिन के दौरान सतही हवाएं लगभग 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं, जिससे मौसम थोड़ा खुला-खुला महसूस होगा। अधिकतम तापमान 29 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान 12 से 14 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में आज मौसम पूरी तरह साफ रहने वाला है। कहीं भी बारिश, आंधी या किसी तरह की मौसम संबंधी चेतावनी जारी नहीं की गई है। आसमान साफ रहेगा और दिन सामान्य तरीके से गुजरेगा। फिलहाल प्रदेश में मौसम शांत है और किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।
बिहार में आज बारिश की कोई चेतावनी नहीं है। मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क बना रहेगा। कई जगहों पर तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जो इस बात का संकेत है कि आने वाले दिनों में गर्मी धीरे-धीरे दस्तक दे सकती है। राज्य में बीते दिन सबसे ज्यादा तापमान कैमूर में दर्ज किया गया, जहां पारा 31.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। साफ आसमान और बढ़ते तापमान से दिन के समय हल्की गर्मी महसूस हो सकती है।
पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र पर दो पश्चिमी विक्षोभ असर डालने वाले हैं। पहला सिस्टम 27 फरवरी से सक्रिय होगा, जबकि दूसरा 2 मार्च 2026 से प्रभाव दिखा सकता है। इनकी वजह से पहाड़ी इलाकों में मौसम बदल सकता है और हल्की बारिश या बर्फबारी देखने को मिल सकती है। इसका असर आसपास के मैदानी इलाकों के तापमान और हवा की दिशा पर भी पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में 27 और 28 फरवरी को हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। यानी अगर आप इस वीकेंड ट्रिप प्लान कर रहे हैं, तो पहाड़ों पर आपको बढ़िया नजारे मिल सकते हैं।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, आज 25 फरवरी को पंजाब के कुछ इलाकों में सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। सुबह के वक्त विजिबिलिटी कम हो सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित हो सकता है। खासकर हाईवे पर सफर करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
ओडिशा के अलग-अलग हिस्सों में आज घने कोहरे की चेतावनी दी गई है। सुबह के समय ड्राइव करते वक्त खास सावधानी बरतें क्योंकि विजिबिलिटी काफी कम रह सकती है।
महाराष्ट्र में अगले 2 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं दिखेगा। लेकिन इसके बाद आने वाले 5 दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है। बात साफ है कि राज्य में फिलहाल मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन मार्च की शुरुआत तक दिन थोड़ा ज्यादा गर्म महसूस हो सकता है।
मौसम विभाग की मानें तो विदर्भ, केरल, माहे, आंतरिक कर्नाटक और तमिलनाडु में 25 फरवरी को बारिश और तेज हवाओं का असर दिख सकता है। वहीं छत्तीसगढ़ में भी 26 फरवरी तक मौसम सक्रिय रह सकता है। इसके अलावा 25 फरवरी को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।
एक तरफ उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान सामान्य से ज्यादा रहेगा, तो दूसरी तरफ कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिलेगा। पहाड़ों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय रहेंगे और कुछ जगहों पर कोहरे की भी समस्या बनी रह सकती है। फरवरी का आखिरी हफ्ता साफ इशारा दे रहा है कि मौसम अब करवट ले रहा है, कहीं गर्मी की आहट, तो कहीं बादलों की दस्तक। ऐसे में बाहर निकलने से पहले अपने इलाके का ताजा वेदर अपडेट जरूर देख लें।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.