Aaj Ka Mausam, 22 January 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बीते कुछ दिनों से कम हो गया है। हालांकि ये राहत ज्यादा वक्त तक नहीं रहने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार, आज ही पूरे उत्तर भारत का मौसम बदलने वाला है। मौसम की ये करवट बारिश के साथ बर्फबारी लेकर आ रही है। पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक मौसम बिगड़ने वाला है। IMD ने पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के साथ ही ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। आइए जानते हैं आज आपके शहर में कैसा रहेगा मौसम।
दिल्ली में बारिश-कोहरे की डबल मार
दिल्ली-एनसीआर के लोग मौसम से 12 महीने परेशान रहते हैं। ठंड में, तो कोहरे के साथ ही प्रदूषण का भी कहर झेलना पड़ता है। हालांकि अब इसमें बारिश की एंट्री होने वाली है। IMD ने आज से अगले IMD ने अगले दो-तीन दिनों तक लाइट टू मॉडरेट रेन औऱ थंडरस्टॉर्म्स का अलर्ट जारी किया है। हालांकि बारिश के बाद तापमान में गिरावट आ सकती है और सुबह-शाम को गलन वाली ठंड महसूस होगी।
यूपी-बिहार में छाए बादल
यूपी-बिहार में भले ही ठंड थोड़ी कम हो गई है, लेकिन अब आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया है। बादलों की वजह से कई इलाकों में धूप नहीं निकल रही है, जिसकी वजह से ठंड का सितम बढ़ता ही जा रहा है। आज पूर्वी यूपी और बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने 22 से 27 जनवरी तक बारिश और तेज हवा चलने का अलर्ट जारी किया है। साथ ही यूपी के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि भी जताई है। वहीं बिहार के अररिया और पूर्णिया समेत पांच जिलों में कोहरे को लेकर IMD ने येलो अलर्ट जारी किया है।
पंजाब-हरियाणा में भी बारिश का अलर्ट
पंजाब और हरियाणा के कई हिस्सों में आज भी कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, आज से उत्तर-पश्चिम भारत को एक तीव्र पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर सकता है। इसके प्रभाव से 22 से 24 जनवरी के दौरान पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ के कुछ हिस्सों में छिटपुट स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और ओलावृष्टि होने की आशंका है।
हिमाचल प्रदेश में ऑरेंज अलर्ट जारी
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के असर से आने वाले दिनों में मौसम बदलने के आसार हैं। मौसम विभाग ने कहा है कि प्रदेश में आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है और शुक्रवार के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ये खराब मौसम 28 जनवरी तक जारी रहने की उम्मीद है।