भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में गर्मी अब साफ तौर पर बढ़ने लगी है। रविवार को पूरे दिन तेज धूप रही और लोगों को दोपहर में चुभन महसूस हुई। फरवरी अभी खत्म भी नहीं हुई है, लेकिन मार्च आने से पहले ही तापमान में तेजी देखी जा रही है।
इस समय लगभग 17 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं, जिससे शाम और रात में हल्की ठंडक बनी रहती है। हालांकि सुबह और दोपहर का समय अब पहले से ज्यादा गर्म महसूस हो रहा है। धूप इतनी तेज है कि बाहर निकलना लोगों के लिए मुश्किल होने लगा है।
मौसम विभाग ने 23 फरवरी से 28 फरवरी तक का अनुमान जारी किया है। इस अवधि में दिन का अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। यानी तापमान 30 डिग्री से ऊपर रहेगा और दिन के समय गर्मी काफी बढ़ जाएगी। रात का तापमान लगभग 15 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है, इसलिए फिलहाल रातें बहुत ज्यादा गर्म नहीं होंगी।
फरवरी के बाद धीरे-धीरे रात का तापमान भी बढ़ना शुरू होगा। आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है, जिससे लोगों को दिन में अधिक परेशानी झेलनी पड़ेगी। धूप इतनी तेज होगी कि बाहर निकलते समय सावधानी बरतनी पड़ेगी।
23 से 28 फरवरी के बीच बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है। तापमान में गिरावट के भी आसार नहीं हैं। होली से पहले अधिकतम तापमान लगभग 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। होली के दिन मौसम कैसा रहेगा, इस बारे में मौसम विभाग जल्द नया पूर्वानुमान जारी करेगा।