देशभर में होली का उत्साह चरम पर है और त्योहार की तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। इसी बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में गर्मी ने तेज़ी से दस्तक दे दी है। मार्च की शुरुआत के साथ ही तापमान में बढ़ोतरी साफ महसूस की जा रही है। दिल्ली-एनसीआर में पारा 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। अनुमान है कि इस साल मार्च से मई के बीच सामान्य से ज्यादा दिनों तक लू चल सकती है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक इस बार मार्च का महीना आमतौर से ज्यादा गर्म रह सकता है। फरवरी में भी ठंड कम पड़ी, जिससे संकेत मिल रहे हैं कि इस साल गर्मी जल्दी और ज्यादा तीखी होगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि उत्तर प्रदेश में दिन और रात दोनों का तापमान औसत से ऊपर जा सकता है, जिससे चौबीसों घंटे गर्मी का असर रहेगा।
मई तक लू के आसार
आईएमडी के मासिक पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर और मध्य भारत में तापमान लगातार बढ़ेगा। कई राज्यों में लू के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक हो सकती है। पश्चिमी राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, उत्तरी कर्नाटक और उत्तरी तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में ज्यादा गर्मी पड़ने की संभावना है।
हालांकि पूर्वोत्तर, दक्षिण भारत और पहाड़ी इलाकों में कहीं-कहीं बारिश, गरज और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ जगहों पर उमस भी बढ़ सकती है। उत्तर-पश्चिम भारत में आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री तक ऊपर जा सकता है। 4 मार्च की रात से एक पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिसका असर पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में दिखेगा। मैदानी इलाकों में तेज हवाएं चलेंगी, लेकिन गर्मी बनी रहेगी।
दिल्ली में आज कैसा रहेगाा मौसम
दिल्ली में अगले सात दिनों तक बारिश की उम्मीद नहीं है और मौसम शुष्क रहेगा। न्यूनतम तापमान में फिलहाल ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद 2 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है। इससे रातें भी गर्म लगेंगी। दिन के समय तेज हवाएं 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। 3 मार्च को हवा की गति 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे थोड़ी राहत मिल सकती है।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड
उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में अगले पांच दिनों में तापमान 2 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। दिन में गर्मी ज्यादा महसूस होगी। उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में फिलहाल मौसम साफ रहेगा, लेकिन 4 मार्च के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। मैदानी क्षेत्रों में शुष्क मौसम और तेज हवाएं चलेंगी।
जानें अन्य राज्यों के हाल
इन राज्यों में अभी तापमान स्थिर है, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी धीरे-धीरे बढ़ेगी। आईएमडी का अनुमान है कि यहां तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री तक अधिक रह सकता है। बारिश की संभावना कम है, पर दिन में गर्मी और रात में हल्की उमस लोगों को परेशान कर सकती है।
4 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ के कारण पहाड़ी राज्यों में मौसम बदलेगा। हिमाचल प्रदेश और जम्मू और कश्मीर के ऊंचाई वाले इलाकों में 4 से 7 मार्च के बीच हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इससे तापमान में गिरावट आएगी और निचले इलाकों में ठंडी हवाएं चलेंगी।
गर्मी और उमस की चेतावनी
कोंकण-गोवा और गुजरात के कुछ हिस्सों में 4 से 7 मार्च के बीच गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है। आने वाले महीनों में गर्मी और तेज हो सकती है।
आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने बताया कि लंबे समय तक चलने वाली लू स्वास्थ्य के लिए खतरनाक हो सकती है। इससे पानी और बिजली की मांग बढ़ेगी। बुजुर्गों, बच्चों, बाहर काम करने वाले लोगों और बीमार व्यक्तियों को खास सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।