
Weather Updates: मौसम विभाग ने देश के कई राज्यों में तापमान में गिरावट के संकेत दिए हैं। उत्तर भारत में बर्फीली हवाओं ने ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। अगले 2 से 4 दिन में सर्दी के ग्राफ में और इजाफा होगा। पहाड़ी राज्यों हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर में बर्फ गिरने और शीतलहर के चलने से कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 0°C या उससे नीचे पहुंच गया है। इसका सीधा असर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश पर पड़ रहा है। उत्तरी राज्यों के कई जिलों में तापमान गिरकर 7°C पर पहुंच गया है। मौसम विभाग ने 5 राज्यों के लिए भीषण शीत लहर का अलर्ट जारी किया है। वहीं, तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और ओडिशा में मध्यम से भारी बारिश की आशंका जताई गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौसम विभाग ने पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर 12 नवंबर के दौरान भीषण शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है। हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के कुछ स्थानों पर 12 नवंबर के दौरान शीत लहर की चेतावनी जारी की गई है। पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 12 से 14 नवंबर के दौरान शीत लहर का अलर्ट जारी किया गया है। आईएमडी के मुताबिक, सप्ताह के आखिरी तक सर्दी और कोहरे में बड़ा इजाफा होगा, जिसका असर ट्रेनें, सड़क परिवहन और हवाई सेवाओं पर भी पड़ सकता है।
दिल्ली में सुबह की ठंडी हवाएं अब हड्डियों तक चुभेंगी और न्यूनतम तापमान गिरकर 10 डिग्री तक पहुंच सकता है। वहीं, दिन में हल्की धूप के साथ अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री रहेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं सर्दी का अहसास और बढ़ा देंगी। वहीं, प्रदूषण का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 423 दर्ज किया गया जो गंभीर श्रेणी में आता है। इसकी वजह से ग्रैप के तीसरे चरण के तहत कड़े प्रदूषण-रोधी उपाय लागू किए गए हैं। सीपीसीबी के मुताबिक, औसत एक्यूआई 423 हो गई। बता दें कि एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच अच्छा, 51 से 100 के बीच संतोषजनक, 101 से 200 के बीच मध्यम, 201 से 300 के बीच खराब, 301 से 400 के बीच बहुत खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर माना जाता है। मौसम विभाग के मुताबिक , अब कोहरे के साथ सर्दी में इजाफा होगा।
उत्तर प्रदेश में तेज सर्द हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में काफी कमी आई है। मौसम विभाग के मुताबिक, 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रहीं हवाएं कड़ाके की सर्दी का संकेत दे रही हैं। सप्ताह के आखिर तक कोहरा और सर्दी बढ़ेगा। प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है। आईएमडी के मुताबिक, ग्रामीण इलाकों में कोहरा बढ़ेगा और गलन वाली सर्दी के लिए तैयार रहना होगा। कमोबेश ऐसा ही मौसम बिहार के कुछ भागों में देखा जा रहा है। पटना समेत कई बड़े शहरों में प्रदूषण बढ़ रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में सर्दी के साथ कोहरा अटैक कर रहा है। आने वाले दिनों में मौसम और गहरा होगा।
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 10 दिन तक कोई मौसम गतिविधि यानी पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव नहीं होने वाला है, जिससे पहाड़ों पर मौसम साफ रहेगा। हालांकि, ठंडी हवाओं के साथ सुबह और शाम कोहरा छाया नजर आएगा। लेकिन, जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग, सोनमर्ग, गुलमर्ग, पहलगाम इत्यादि ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी से मौसम काफी खुशनुमा है। कश्मीर आने वाले पर्यटकों के लिए ये बेहद खास मौसम साबित होगा।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.