Aaj Ka Mausam, 28 March 2026: देशभर में मौसम एक बार फिर से बदल रहा है। उत्तरभारत के पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार आज दिल्ली-यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश हो सकती है। ऐसे में अगर आप आज और कल छुट्टियों में घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो एक बार अपने घूमने वाली जगह का वेदर जरूर चेक कर लें। अगर पहाड़ों पर जा रहे हैं, तो खासकर वहां के वेदर के अनुसार कपड़े लेकर जाएं।
दिल्ली में आज बारिश का अलर्ट
दिल्ली-एनसीआर में भले ही शुक्रवार को धूप निकली हो, लेकिन आज मौसम खराब रहने वाला है। मौसम विभाग ने दिल्ली और नोएडा में बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के पूर्वानुमान के अनुसार आज से 30 मार्च तक दिल्ली-एनसीआर में गरज चमक के साथ बरसात हो सकती है। ऐसे में जब भी आप घरों से बाहर निकलें, तो छाता साथ लेकर जरूर जाएं।
यूपी में आज आंधी की चेतावनी
दिल्ली के साथ ही यूपी में भी मौसम बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने आज करीब 38 जिलों में आंधी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके अलावा कुछ जिले ऐसे भी हैं, जहां पर आकाशीय बिजली गिर सकती है। मौसम विभाग ने कल लगभग पूरे उत्तर प्रदेश में आंधी के साथ बरसात आ सकती है।
बिहार में मौसम रहेगा खराब
यूपी ही नहीं बिहार में भी मौसम खराब होने वाला है। आज बिहार के करीब 8 जिलों में मौसम खराब हो सकता है, जिसमें किशनगंज, अररिया, सुपौल, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा और खगड़िया शामिल हैं। इस दौरान इन सभी जगहों पर आंधी के साथ बारिश भी आ सकती है। इसके अलावा बीच में ठनका गिरने का भी अलर्ट IMD ने जारी किया है।
पहाड़ों पर 30 मार्च तक बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
मैदानी इलाकों के साथ ही पहाड़ों पर भी मौसम ने रंग बदलना शुरू कर दिया है। उत्तराखंड के करीब 7 जिलों नैनीताल, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर, पिथौरागढ़, टिहरी और चमोली में अगले कुछ दिनों तक रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी की संभावना है। वहीं हिमाचल का भी कुछ ऐसा ही हाल हुआ है। वहां पर भी पर्वतीय इलाकों में झमाझम बारिश हो रही है।
मौसम विभाग ने अभी 30 मार्च तक हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। इसके अलावा पर्यटकों को सावधानी बरसते भी सलाह दी है। आईएमडी के अनुसार 28 से 30 मार्च के बीच बारिश और बर्फबारी तेज हो सकती हैं। इसके बाद 31 मार्च को कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। अगले सप्ताह यानी 3 से 9 अप्रैल के दौरान कई इलाकों में कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की उम्मीद है। पश्चिमी विक्षोभ का असर बना रहेगा, हालांकि बीच-बीच में मौसम सूखा भी रह सकता है।
झारखंड में आज कैसा रहेगा वेदर?
झारखंड के अधिकतर हिस्सों में अगले दो दिनों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज आंधी-तूफान चलने को लेकर 'येलो अलर्ट' जारी किया है। आईएमडी ने बताया कि गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों को छोड़कर राज्य के अधिकतर हिस्सों में शनिवार को हल्की से मध्यम बारिश होने, 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने, बिजली गिरने और ओलावृष्टि होने की संभावना है।