मौसम विभाग (IMD) ने देश के कई हिस्सों में कड़ाके की ठंड, शीतलहर और घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की है। नए साल में उत्तर और मध्य भारत में मौसम लोगों को और ज्यादा परेशान कर सकता है। ठंड के साथ-साथ शीतलहर और घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है।
दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह इतना घना कोहरा रहा कि सामने कुछ भी साफ दिखाई नहीं दिया। सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार बहुत धीमी रही और कई जगहों पर विजिबिलिटी 100 मीटर से भी कम दर्ज की गई।
IMD के अनुसार पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में शीतलहर, कोल्ड-डे और घने कोहरे का अलर्ट है। वहीं दक्षिण भारत के कुछ इलाकों में तेज बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने बताया कि 30 दिसंबर से 1 जनवरी के बीच हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, उत्तरी राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में शीतलहर चल सकती है। इसके साथ ही बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में भी ठंड का असर बढ़ सकता है।
देश के कई राज्यों में रात और सुबह के समय बहुत घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और पूर्वोत्तर राज्यों में भी कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। यह स्थिति नए साल तक बनी रह सकती है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में दिन के तापमान में भी तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। पूर्वी यूपी में ‘कोल्ड डे’ से लेकर ‘सीवियर कोल्ड डे’ तक की स्थिति बन सकती है, जबकि बिहार, उत्तराखंड और पश्चिमी यूपी में भी दिन के समय ठंड बनी रहने की संभावना है।
घने कोहरे को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। कोहरे की वजह से उड़ानों में देरी या रद्द होने की आशंका है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी एयरलाइन से ताजा जानकारी जरूर लें।