
अप्रैल का आधा महीना गुजर चुका है और देशभर में मौसम का मिजाज काफी बदलता हुआ नजर आ रहा है। कहीं तेज गर्मी लोगों को परेशान कर रही है, तो कहीं अचानक बारिश और आंधी-तूफान हालात बिगाड़ रहे हैं। ऐसे में मौसम विभाग (आईएमडी) ने 21 अप्रैल को लेकर एक बड़ा पूर्वानुमान जारी किया है, जो राहत के साथ-साथ चिंता भी बढ़ाने वाला है।
आईएमडी के मुताबिक, मंगलवार को देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का तीखा असर देखने को मिलेगा। पूर्वोत्तर भारत में प्री-मानसून गतिविधियां काफी तेज हो गई हैं। अरुणाचल प्रदेश में बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी गई है, जबकि असम और मेघालय में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
यहां हवा की रफ्तार 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक जा सकती है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी बिजली गिरने और तेज आंधी का खतरा बना हुआ है। घाटी वाले इलाकों में शाम और रात के समय इन तूफानों का असर और ज्यादा खतरनाक हो सकता है। हाल ही में गुवाहाटी में 117 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
पूर्वी भारत की बात करें तो बिहार में हालात काफी गंभीर हो सकते हैं। यहां तूफान की रफ्तार 50-60 किमी प्रति घंटा से बढ़कर 70 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। राज्य के कई जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर बना हुआ है। आने वाले दिनों में दक्षिण और मध्य बिहार में पारा 43 से 45 डिग्री तक जा सकता है। हालांकि, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, दार्जिलिंग और सिक्किम में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी गर्मी का असर साफ दिख रहा है। यहां तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है और अगले दो दिनों में यह 42 डिग्री तक जा सकता है। खास बात यह है कि रात में भी गर्मी कम नहीं हो रही, जिससे लोगों को राहत नहीं मिल पा रही है।
मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में गर्मी के बीच थोड़ी राहत के संकेत मिले हैं। कुछ जगहों पर बादल छाने और हल्की बारिश से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का कहना है कि 21 अप्रैल को इन राज्यों के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश और बिजली गिरने की संभावना है, जिससे गर्मी थोड़ी कम हो सकती है।
महाराष्ट्र में भी मौसम बदलने के आसार हैं। राज्य के कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोंकण, मराठवाड़ा, विदर्भ और पश्चिमी महाराष्ट्र में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। खासकर रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है, जबकि पुणे, कोल्हापुर और नासिक जैसे इलाकों में भी मौसम बदल सकता है।
दक्षिण भारत में भी कई राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया गया है। केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में 24 अप्रैल तक आंधी-तूफान और बारिश का दौर जारी रह सकता है। कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की भी चेतावनी दी गई है।
इन सबके बीच उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी और उमस लोगों को परेशान करेगी।
राजस्थान में गर्मी का असर सबसे ज्यादा देखने को मिल रहा है। कई शहरों में तापमान 42 डिग्री के आसपास पहुंच गया है। हालात ऐसे हो गए हैं कि नगर निगम को सड़कों पर पानी का छिड़काव करना पड़ रहा है। रात में भी गर्मी कम नहीं हो रही, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद कम है।
कुल मिलाकर 21 अप्रैल का दिन देशभर में मौसम के लिहाज से काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। कहीं तेज गर्मी सताएगी तो कहीं आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित होगा, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.