
Today Weather Update, 15 October 2025: मॉनसून के जाते ही एक बार फिर से दिल्ली-एनसीआर से लेकर बिहार तक दिन में गर्मी ने सितम ढाना शुरू कर दिया है। सुबह और रात को भले ही तापमान लुढ़ककर नीचे आ जा रहा हो, लेकिन दिन में निकल रही चटक धूप गर्मी का एहसास करवा रही है। वहीं दूसरी तरफ केरल महाराष्ट्र में अभी भी बारिश का दौर जारी है। वहां अगले कुछ दिनों तक बरसात का अलर्ट जारी किया गया है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम
दीवाली पास आते ही दिल्ली में सुबह-शाम वाली ठंड ने दस्तक दे दी है। ठंड के साथ ही इस बार प्रदूषण की भी वापसी हो गई है। दिल्ली की हवा खराब होने लगी है, जिसकी वजह से राजधानी में ग्रैप-1 लागू कर दिया गया है। वहीं आज के मौसम की बात करें, तो आज राजधानी में आसमान बिल्कुल साफ रहने वाला है। दिन में तेज धूप निकलेगी,लेकिन शाम को सर्द हवाएं चल सकती हैं। आज दिल्ली का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री रहने की संभावना है।
यूपी-बिहार से भी मॉनसून की विदाई हो गई है। मौसम विभाग ने आज दोनों ही राज्यों को ग्रीन जोन में रखा है, यानी आज दूर-दूर तक बारिश के कोई आसार नहीं हैं। हालांकि मॉनसून के जाते ही ठंड ने दोनों राज्यों में दस्तक दे दी है, जिसकी वजह से तापमान में तेजी से गिरावट आई है।
पहाड़ों पर की रानी उत्तराखंड में रोजाना मौसम अपना अलग रूप दिख रहा है। पर्वतीय इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। कुछ जगहों पर तो लोगों ने गर्म कपड़े भी पहनने शुरू कर दिए हैं। आज उत्तराखंड में मौसम बिल्कुल साफ रहने वाला है। वहां 15 अक्टूबर तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।