Today Weather Update, 26 December 2026: दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। यूपी और बिहार में तो ठंड के साथ ही कोहरा भी पड़ रहा है, जिसकी वजह से कई दिन तो सूर्यदेव के दर्शन भी नहीं हो पा रहे हैं। वही दिल्ली का भी हाल कुछ ऐसा ही है। राजधानी में सुबह के वक्त आसमान में घना कोहरा छाया रहता है और सर्द हवाएं ठंड का एहसास करवाती है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड का प्रकोप बढ़ सकता है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा मौसम
शीतलहर के चपेट में दिल्ली-एनसीआर
पहाड़ों से आ रही पछुआ हवाओं ने दिल्ली-एनसीआर का मौसम बदल दिया है। सर्द हवाओं की वजह से राजधानी में लोगों को गलन वाली ठंड महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार आज राजधानी में दिन की शुरुआत कोहरे के साथ होगी, हालांकि दिन में धूप निकलेगी लेकिन गलन वाली ठंड के आगे बेअसर होगी। IMD ने आज तापमान गिरने की भी संभावना जताई है। बढ़ती ठंड के बीच दिल्ली के लोगों के लिए राहतभरी खबर भी आई है। ठंड और प्रदूषण की मार झेल रहे दिल्ली-एनसीआर में अब AQI 400 से घटकर 230 पहुंच गया है। इसका मतलब है कि राजधानी की हवा साफ हो रही है।
यूपी-बिहार में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली से सटे यूपी में भी ठंड का सिलसिला जारी है। पश्चिमी यूपी में दिन में भले ही धूप निकल रही है, लेकिन शाम होते ही ठंड अपना असर दिखाने लग रही है। मौसम विभाग के अनुसार पूरे उत्तर प्रदेश में आने वाले दो दिनों में घना कोहरा छा सकता है। इसके साथ ही आज यूपी के कई शहरों में शीत दिवस का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार,आज कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, संत रविदास नगर, जौनपुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कवीर नगर, बस्ती, कुशीननगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और सीतापुर में अत्यंत घना कोहरा छाने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं बिहार में भी बर्फीली हवाओं ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया हैा। मौसम विभाग आज कई शहरों में शीतलहर और घने कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के अनुसार, 29 दिसंबर तक राज्य के कई हिस्सों में भीषण शीतलहर का दौर जारी रहने की संभावना है।
पहाड़ों पर कब होगी बर्फबारी?
हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों और आसपास के निचले पहाड़ी जिलों में घने से बहुत घने कोहरे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी गया है। अभी भी मनाली के लोग बर्फबारी की आस में बैठे हुए हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस साल 30-31 पर पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी देखने को मिल सकती है। वहीं उत्तराखंड में आज मौसम बिगड़ने वाला है।आज उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के उंचाई वाले क्षेत्रों में कहीं –कहीं हल्की बारिश और बर्फबारी बारी होने की संभावना है।