
Aaj Ka Mausam: उत्तर भारत में दिन और रात के तापमान में बड़ी गिरावट आई है। वहीं पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक ठंडी का सितम शुरू हो गया है। खासकर, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों बर्फबारी और शीतलहर के कारण कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी है। इधर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास या कई स्थानों पर 7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे सर्दी अचानक बढ़ गई। वहीं मौसम विभाग ने कुछ राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती परिसंचरण का अनुमान जताया है। इससे केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में बारिश हो सकती है। इन राज्यों में 10, 11, 12 और 13 नवंबर को बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान आंधी और बिजली गरजने का भी अनुमान जताया गया है। उधर, उत्तर पूर्व मानसून के कमजोर होने पर पूर्वोत्तर के मिजोरम, मणिपुर और त्रिपुरा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
दिल्ली में अगले 7 दिन में तापमान गिरने वाला है। मौसम पूरी तरह कोहरे के साथ बना रहेगा। सर्दी के साथ-साथ हवा की गुणवत्ता तेजी से बिगड़ती जा रही है। दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के बड़े हिस्सों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) बेहद खराब स्थिति में पहुंच गया है। दिल्ली के तापमान लुढ़ककर 11 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। जो इस मौसम में औसत से तीन डिग्री कम है। वहीं, अधिकतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम है।
दिल्ली के कई हिस्सों में एयर क्वॉलिटी 400 के पार जाने के बाद शहर को रेड जोन में रखा गया है। इसके अगले ही दिन कार्यकर्ताओं, पर्यावरण प्रेमियों और विपक्षी नेताओं ने सरकार से प्रदूषण पर सख्त कदम उठाने की मांग करते हुए इंडिया गेट की ओर मार्च किया, लेकिन पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देकर कहा कि इंडिया गेट प्रदर्शन की निर्धारित जगह नहीं है और जंतर-मंतर ही विरोध का तय स्थान है। इसके बावजूद प्रदर्शन जारी रहा और करीब 30 मिनट बाद पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में ले लिया।
बिहार के ग्रामीण इलाके में अब ठंड ने पूरी तरह से दस्तक दे दी है। पहाड़ी राज्यों में होने वाली बर्फबारी के चलते बिहार में भी न्यूनतम पारा 12 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। लोगों को इस दौरान सावधान रहने के लिए कहा गया है। सीमांचल के इलाकों में भी तापमान तेजी से नीचे गिर रहा है जिसने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है।
उत्तर प्रदेश में आने वाले दिनों में तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की कमी आने वाली है। सुबह के समय 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे से हवा चलेगी जिससे ठंड का एहसास ज्यादा होगा। लोगों को सुबह के समय गर्म कपड़े पहनना शुरू कर देना चाहिए नहीं तो स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल सकता है।
हिमाचल प्रदेश के 2 जिलों में बर्फबारी से लोगों की परेशानी बढ़ेगी। लाहौल स्पीति और मनाली में बर्फबारी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाना शुरू कर दिया है। लोगों को गर्म कपड़े पहनने की जरूरत पड़ रही है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.