
Aaj Ka Mausam, 04 October 2025: दिल्ली-एनसीआर समेत देशभर के अधिकांश हिस्सों में बारिश एक बार फिर से शुरु हो गई है। बारिश की वजह से तापमान में भी कमी आई और हल्की ठंड भी महसूस होने लगी है। वहीं पहाड़ों पर भी बारिश की वजह से मौसम अचानक बदल गया है। कल मनाली में भी बादल झमाझम बरस गए। मौसम विभाग के अनुसार आज भी वेदर वैसा ही रहने वाला है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में भले ही मॉनसून की विदाई हो गई हो, लेकिन बारिश रुकने का नाम नहीं ले रही है। दशहरा के शाम इतनी बारिश हुई कि कई जगहों पर रावण जलकर नहीं गलकर खत्म हुआ। वहीं आज भी राजधानी में बादल छाए रहेंगे। IMD के अनुसार आज पूरे दिन आसमान में बादलों की लुका छिपी का खेल चलता रहेगा। इसके अलावा IMD ने 6 अक्टूबर को राजधानी में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई है।
उत्तर प्रदेश में भी मौसम अपना अलग रूप दिखा रहा है। आज भी कई जिलों में झमाझम बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज बलिया, देवरिया और कुशीनगर गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर, महाराजगंज और सिद्धार्थ नगर में भारी से बहुत भारी वर्षा की आशंका है। इसके अलावा 5 से 7 अक्टूबर तक पश्चिमी यूपी में मौसम विभाग ने मूसलाधार बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
बिहार एक बार फिर से बारिश की चपेट में है। आज भी मौसम विभाग ने बिहार के कुछ जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। IMD के अनुसार आज मधुबनी, दरभंगा और वैशाली में अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा मुजफ्फरपुर, सारण, अररिया, पूर्णिया, मधेपुरा, सहरसा, समस्तीपुर, पटना, सीवान और गोपालगंज और सुपौल में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।
देशभर के अधिकांश हिस्सों में बारिश का अलर्ट जारी करने वाले मौसम विभाग ने जम्मू कश्मीर में बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है। IMD के अनुसार आज से 7 अक्टूबर तक जम्मू कश्मीर में मौसम काफी खराब रहने वाला है, कुछ हिस्सों में बर्फबारी भी हो सकती है। वहीं उधमपुर, कठुआ और डोडा जिलों के लिए 6 अक्टूबर को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश ने मौसम बदल दिया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिन राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 7 अक्टूबर को कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है। IMD ने 5 अक्टूबर को ऊना, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और मंडी जिले में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, चोटियों पर बर्फबारी का येलो अलर्ट है। 6 अक्टूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश-बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।