
Today Weather Update, 8 October 2025: दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी-बिहार तक कल शाम अचानक मौसम बदल गया। आसमान में छाए काले बादल अचानक बरस पड़े, जिसकी वजह से तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार आज भी पश्चिमी भारत के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके साथ ही पर्वतीय इलाकों में आज फिर से बर्फबारी की आशंका है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम
दिल्ली से मॉनसून की विदाई हो गई है, लेकिन अभी भी बारिश की दौर चालू है। आज दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि कल से राजधानी का मौसम साफ हो जाएगा। IMD के अनुसार कल और आज की बारिश दिल्ली के लोगों को ठंड का एहसास करवाएगी। बारिश की वजह से तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है।
पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर चल रहा है। हालांकि आज से ये दौर खत्म हो जाएगा। आने वाले दिनों में एक बार फिर से यूपी में हल्की गर्मी महसूस होगी। IMD के अनुसार आज से 13 अक्तूबर तक मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि ये गर्मी ज्यादा दिन तक नहीं टिकेगी और तापमान में गिरावट के बाद गुलाबी ठंड फील होने लगेगी।
वहीं बिहार में तो अभी से गुलाबी ठंड ने दस्तक दे दी है। आज खगड़िया, मुंगेर, जमुई, भागलपुर और बांका में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूरे राज्य में सुबह-शाम ठंड भी महसूस होगी। आज राज्य का अधिकतम तापमान 28-32°C के बीच और न्यूनतम तापमान 20-24°C के बीच बने रहने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में बीते दो दिनों से बर्फबारी हो रही है, जिसके बाद आज उत्तराखंड के भी पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। उत्तराखंड में करवट बदलता मौसम ठंड बढ़ा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आज पिथौरागढ़ बागेश्वर, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और चमोली जिलों में भारी वर्षा और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है।