देश के कई हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। फरवरी में ही मार्च जैसी गर्मी महसूस होने लगी है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। इसी बीच मौसम विभाग ने 17 और 18 फरवरी को 10 राज्यों में बारिश की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार 17 से 19 फरवरी तक उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, राजस्थान, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
भारतीय मौसम विभाग ने बताया है कि नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके प्रभाव से 17 और 18 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी हो सकती है। वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। ओडिशा में 18 फरवरी तक कुछ स्थानों पर सुबह के समय घना कोहरा छा सकता है।
उत्तर प्रदेश में पश्चिमी हिस्सों में मौसम का असर ज्यादा दिखेगा। 17 और 18 फरवरी को मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, शामली, गाजियाबाद और नोएडा समेत आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
पूरे प्रदेश में तेज बारिश की चेतावनी नहीं दी गई है। उत्तराखंड में 17 और 18 फरवरी को कई जिलों में बारिश के आसार हैं। चमोली, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत और उधमसिंह नगर में वर्षा हो सकती है।
18 और 19 फरवरी को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी संभव है। दिल्ली-एनसीआर में 17 फरवरी को तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है, जिससे दिन में हल्की गर्मी महसूस होगी। हालांकि अगले 24 घंटों में मौसम बदल सकता है और हल्की बारिश के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में 17 और 18 फरवरी को वर्षा की संभावना है। शिमला, मंडी, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, ऊना, हमीरपुर और कुल्लू में बारिश हो सकती है। 18 और 19 फरवरी को कुछ जगहों पर बर्फबारी भी संभव है।
जम्मू-कश्मीर में 17 फरवरी को श्रीनगर, जम्मू, कुलगाम, कुपवाड़ा, बारामूला, बांदीपोरा और अनंतनाग में बारिश के आसार हैं। राजस्थान में दोपहर तक मौसम साफ रह सकता है, लेकिन बाद में बादल छा सकते हैं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। हनुमानगढ़, श्रीगंगानगर, बीकानेर और चूरू में बूंदाबांदी के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में 18 और 19 फरवरी को गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। सिवनी, कटनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट और होशंगाबाद में वर्षा के आसार हैं, जबकि 17 फरवरी को मौसम सामान्य रहेगा। बिहार में फिलहाल मौसम स्थिर रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि मिथिलांचल और सीमांचल के कुछ जिलों में हल्का कोहरा और ठंड बनी रह सकती है।