Today Weather Update: दिल्ली-एनसीआर से लेकर यूपी-बिहार तक इस वक्त गलन वाली ठंड पड़ रही है। सुबह-शाम चल रही सर्द हवाएं ठंड का एहसास करवा रही हैं। वहीं दिन में निकलने वाली धूप से मौसम पर ज्यादा असर नहीं पड़ रहा है। मौसम विभाग ने आज से पंजाब,छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम
दिल्ली में आज छा सकता है कोहरा
दिल्ली-एनसीआर में आज मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह के वक्त हल्का कोहरा छा सकता है। आज राजधानी का न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने वाला है। वहीं रोजाना की तरह सुबह शाम सर्द हवाएं चलेंगी। आज का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रह सकता है। बता दें कि राजधानी में कुछ दिन पहले तापमान 6 डिग्री तक पहुंच गया था।
यूपी-बिहार में विजिबिलिटी हुई कम
यूपी-बिहार में मौसम का अलग ही रूप देखने को मिल रहा है। पूर्वी-पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बीते कुछ दिनों से घना कोहरा छा रहा है। आज भी मुरादाबाद, अमरोहा, संभल, रामपुर और बिजनौर, कानपुर, लखनऊ, आगरा और प्रयागराज में सुबह घना कोहरा छाया रहा। इसके साथ ही बिहार में मौसम विभाग ने शीत लहर का अलर्ट जारी कर दिया है। शीतलहर के बढ़ते प्रकोप की वजह से पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान में कमी आ सकती है।
इन राज्यों में बारिश-कोहरे का अलर्ट जारी
मौसम विभाग के अनुसार आज तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश, ओडिशा पूर्वी उत्तर प्रदेश, असम और मणिपुर में आज से अगले कुछ दिन कोहरे की चादर देखने को मिल सकती है।
पहाड़ों पर कैसा है मौसम
मैदानी इलाकों की तरह पहाड़ी इलाकों में भयंकर ठंड पड़ रही है। कुछ पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी भी जारी है। श्रीनगर का न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री पहुंच गया है। वहीं कोकेरनाग में न्यूनतम तापमान 0.5 चल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 13 दिसंबर से कश्मीर का मौसम पूरी तरह से बदल जाएगा और बर्फबारी की संभावना भी बढ़ जाएगी। वहीं हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाली जगहों पर भी बर्फबारी हो रही है, जिसकी वजह से लाहौल स्पीति, ताबो, कुकुमसेरी में तापमान माइनस में चला गया है। तापमान माइनस में होने की वजह से नदी, नाले और पाइपलाइन कई जगहों पर जम गई हैं।