देशभर में इन दिनों मौसम तेजी से बदल रहा है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में तेज हवा, आंधी और बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। पहाड़ी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके कारण उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में अगले तीन दिनों तक बारिश और बर्फबारी होने के आसार हैं।
दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में अगले 24 घंटों के दौरान साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर रहेगा। वहीं पूर्वोत्तर राज्यों जैसे अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा में 70 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी-तूफान आ सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल मौसम सुहावना बना हुआ है। हल्की धूप के साथ हवा में नमी होने से गर्मी कम महसूस हो रही है। अनुमान है कि 26 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ दोबारा सक्रिय होगा, जिससे बादल बढ़ेंगे। यहां तापमान लगभग 31°C अधिकतम और 13-14°C न्यूनतम रह सकता है। 26 से 29 मार्च के बीच तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक देखने को मिल सकती है। नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी ऐसे ही हालात रहेंगे।
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी जिलों जैसे मेरठ, सहारनपुर और नोएडा में तेज हवा और हल्की बारिश का अलर्ट है। पूर्वी यूपी के बहराइच, अयोध्या और जौनपुर जैसे क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। राज्य के करीब 12 जिलों में येलो अलर्ट लागू किया गया है। पटना में न्यूनतम तापमान घटकर करीब 18°C तक पहुंच सकता है और वहां तेज हवा चलने की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम का असर साफ दिख रहा है। रोहतांग दर्रा, लाहौल-स्पीति, मनाली, कुल्लू और शिमला जैसे क्षेत्रों में हाल ही में तेज हवाओं के साथ बारिश और बर्फबारी हुई है और आगे भी अलर्ट जारी है।
उत्तराखंड में भी मौसम लगातार बदल रहा है। हाल के दिनों में बारिश, आंधी और ओलावृष्टि देखी गई है, जिससे ठंडक बनी हुई है। आने वाले दो दिनों में फिर मौसम में बदलाव संभव है। चमोली, उत्तरकाशी, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, साथ ही बारिश, ओले और बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा।
दूसरी ओर, देश के कुछ हिस्सों में गर्मी बढ़ने के संकेत हैं। तेलंगाना, विदर्भ, मराठवाड़ा, तमिलनाडु और रायलसीमा में अगले कुछ दिनों में तापमान तेजी से बढ़कर 40°C तक पहुंच सकता है।