देश में मौसम तेजी से बदल रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो रही है। इसके कारण दिन का तापमान घट रहा है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार समेत 11 राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी है। कहीं-कहीं हवा की रफ्तार 85 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। राजधानी दिल्ली में येलो अलर्ट है, जहां तेज हवा, बादल और बारिश की संभावना बनी हुई है।
पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में भूस्खलन और हिमस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है। मौसम विभाग के अनुसार, हवा तेज चलेगी और तापमान में गिरावट आएगी। न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक कम हो सकता है, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंड महसूस होगी।
दिल्ली-एनसीआर में आज कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-एनसीआर में 8 अप्रैल को तेज हवाएं, बादल और बारिश के आसार हैं। कहीं-कहीं गरज के साथ बारिश हो सकती है। 9 अप्रैल को भी हल्के बादल रहेंगे। 10 और 11 अप्रैल से मौसम साफ होगा और तापमान धीरे-धीरे 33-34 डिग्री तक पहुंच सकता है।
जोधपुर, बीकानेर, जयपुर, अजमेर, भरतपुर, उदयपुर और कोटा के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। कुछ जगहों पर 30 से 50 मिमी तक वर्षा और ओलावृष्टि हो सकती है। 9 अप्रैल के बाद मौसम शुष्क रहेगा और 10 अप्रैल से तापमान बढ़ेगा।
मध्य प्रदेश के कई जिलों में आंधी, बिजली और बारिश का अलर्ट है। ग्वालियर, भिंड, मुरैना जैसे इलाकों में ओलावृष्टि और तेज हवाएं चल सकती हैं। 11 अप्रैल के बाद एक नया पश्चिमी विक्षोभ मौसम को फिर बदल सकता है। उत्तर प्रदेश के आगरा, लखनऊ, कानपुर, बरेली समेत कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
जानिए बिहार और हिमाचल प्रदेश के हाल
वहीं, पटना, गया, मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है। हवा की रफ्तार 60 किमी प्रति घंटा तक रह सकती है। इसके अलावा, देहरादून, नैनीताल और अन्य पहाड़ी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी।
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा में मध्यम से भारी बारिश का अनुमान है। हरियाणा और पंजाब में चंडीगढ़ सहित कई शहरों में हल्की बारिश हो सकती है। तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।
महाराष्ट्र और गुजरात में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। वहीं, चेन्नई और आसपास के इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होगी, जिससे गर्मी से राहत मिलेगी। हालांकि आने वाले दिनों में तापमान 3 डिग्री तक बढ़ सकता है।