मुंबई: बॉलीवुड स्टार और फिल्ममेकर आमिर खान ने अपनी नई जासूसी फिल्म ‘हैप्पी पटेल’ का एलान कर दिया है। इस फिल्म में वीर दास और मोना सिंह मुख्य किरदार निभाएंगे। आमिर खान प्रोडक्शंस ने फिल्म का अनाउंसमेंट एक मज़ेदार वीडियो के जरिये किया है, जिसमें आमिर खान और वीर दास दोनों नजर आते हैं।
वीडियो में आमिर, वीर दास से पूछते दिखते हैं कि फिल्म में एक्शन, रोमांस और आइटम नंबर कैसे दिखाए जाएंगे। आमिर बार-बार चिंता जताते हैं कि दर्शक इन सब पर कैसी प्रतिक्रिया देंगे, जबकि वीडियो में दूसरे लोग फिल्म की खूब तारीफ करते दिखते हैं। इसी मज़ेदार बातचीत और उलट माहौल के कारण अनाउंसमेंट वीडियो काफी मनोरंजक बन गया है। साफ है कि दर्शकों को एक अलग तरह की फिल्म देखने को मिलेगी।
आमिर खान प्रोडक्शंस हमेशा अलग और खास कहानियां पेश करने के लिए जाना जाता है। लगान, तारे ज़मीन पर, दंगल और सीक्रेट सुपरस्टार जैसी फिल्मों के बाद अब ‘हैप्पी पटेल’ भी एक अनोखा अनुभव देने की कोशिश है।
खास बात यह है कि इस बार आमिर, मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन वीर दास के साथ काम कर रहे हैं। वीर दास दुनिया भर में अपने कॉमेडी शो कर चुके हैं और गो गोवा गॉन, बदमाश कंपनी और दिल्ली बेली जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुके हैं।
यह फिल्म, दिल्ली बेली के बाद आमिर खान प्रोडक्शंस और वीर दास का दूसरा कोलैबोरेशन है। ‘हैप्पी पटेल’ का निर्देशन खुद वीर दास कर रहे हैं। यह फिल्म 16 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।