
Radhika Yadav murder case: गुरुग्राम की एक दिल दहला देने वाली घटना में 25 साल की पूर्व टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की उनके पिता दीपक यादव ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस पूरे मामले ने देशभर में सनसनी फैला दी है।
इस बीच एक म्यूजिक वीडियो में राधिका के साथ नजर आए एक्टर इनाम-उल-हक ने सफाई दी है कि उनका राधिका से कोई निजी रिश्ता नहीं था। इनाम का कहना है कि लोग इस मामले को बेवजह सांप्रदायिक रंग दे रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि पिता ने बेटी की कामयाबी और बाहर शादी की इच्छा से परेशान होकर यह कदम उठाया।
इनाम-उल-हक ने दुबई से ANI को बताया कि वह राधिका से पहली बार टेनिस प्रीमियर लीग के दौरान मिले थे और उसके बाद ही उन्होंने एक म्यूजिक वीडियो में साथ काम किया। “वो वीडियो यूट्यूब पर है, इसलिए बार-बार उसकी चर्चा हो रही है,” उन्होंने कहा।
इनाम ने बताया, “राधिका शूट के लिए आई थीं और शूट खत्म होते ही चली गईं। हमने उन्हें सिर्फ गुडलक अमाउंट दिया था। वीडियो का प्रोडक्शन अनपेड था। उसके बाद हमारा कोई संपर्क नहीं हुआ।”
इनाम-उल-हक ने इस बात पर अफसोस जताया कि इस पूरे मामले को हिंदू-मुस्लिम एंगल दिया जा रहा है। उन्होंने कहा, “मुझे नहीं पता ऐसा क्यों हो रहा है। मेरा इस केस से कोई लेना-देना नहीं है। राधिका का कोई सोशल मीडिया अकाउंट भी नहीं है, बस वो एक वीडियो क्लिप है जो यूट्यूब पर है और इसलिए उसे बार-बार दिखाया जा रहा है।”
घटना गुरुवार को गुरुग्राम के सुषांत लोक इलाके में हुई, जब राधिका अपनी मां के जन्मदिन पर उनके लिए खाना बना रही थीं। तभी पिता दीपक यादव ने पीछे से चार गोलियां दाग दीं। पोस्टमॉर्टेम में पता चला कि सभी गोलियां राधिका की पीठ में मारी गई थीं।
पुलिस पूछताछ में दीपक यादव ने हत्या की बात स्वीकार कर ली है। उनका कहना था कि जब वह दूध लेने वजीराबाद गांव जाते थे, तो लोग ताना मारते थे कि वह बेटी की कमाई पर पल रहे हैं। साथ ही बेटी के चरित्र को लेकर भी अफवाहें फैलती थीं। दीपक यादव अपनी बेटी के 'बाहर जाति' में शादी करने के फैसले से भी नाखुश थे। गांव के एक पड़ोसी ने बताया कि दीपक पुराने ख्यालों के व्यक्ति थे और बेटी की पसंद को स्वीकार नहीं कर पा रहे थे।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि राधिका की मां मंजू यादव की भूमिका भी जांच के घेरे में है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि क्या मां को इस योजना की जानकारी थी या नहीं, लेकिन शक है कि वह कुछ हद तक वाकिफ थीं।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.