
Adani Embraer Partnership: गौतम अडानी के स्वामित्व वाला अडानी ग्रुप और ब्राजील की फेमस एविएशन मैन्युफैक्चरर कंपनी एम्ब्रेयर (Embraer SA) ने एक बड़ी डील की है। इन दोनों कंपनियों ने भारत में रीजनल ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट बनाने के लिए हाथ मिलाया है। अडानी समूह पहले से ही देश के कई महत्वपूर्ण एयरपोर्ट्स को ऑपरेट कर रहा है। इसके अलावा, डिफेंस और एयरोस्पेस सेक्टर में भी लगातार अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है।
अब अडानी ग्रुप ने कमर्शियल एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में बड़ा कदम उठाया है। एम्ब्रेयर और अडानी ग्रुप के बीच हुई इस पार्टनरशिप के तहत, दोनों कंपनियां एयरक्राफ्ट की मैन्युफैक्चरिंग, सप्लाई चेन, विमानों के रखरखाव और पायलटों की ट्रेनिंग के लिए काम करेंगी। हालांकि, यह डील कितने में हुई है, इसका अभी तक खुलासा नहीं किया गया है।
एयरबस और बोइंग के बाद ब्राजील की एम्ब्रेयर दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी एयरक्राफ्ट मैन्युफैक्चरर है। यह 70 से 140 पैसेंजर कैपिसिटी वाले रीजनल जेट्स में अपनी एक्सपर्टीज रखती है। एम्ब्रेयर का 'E2' परिवार सीधे तौर पर एयरबस के 'A220' को टक्कर देता है। लेकिन 150 से ज्यादा सीटों वाले जेट मार्केट में इसकी पकड़ अभी भी कमजोर है। एम्ब्रेयर कमर्शियल एविएशन के प्रेसिडेंट और चीफ एग्जीक्यूटिव अर्जन मेइजर ने एक बयान में कहा, 'भारत एम्ब्रेयर के लिए एक महत्वपूर्ण बाजार है, और यह साझेदारी हमारी एयरोस्पेस एक्सपर्टीज को अडानी की मजबूत इंडस्ट्रीयल कैपिसिटी के साथ जोड़ती है।'
बता दें कि एम्ब्रेयर भारत में अपनी मौजूदगी बढ़ाने की कोशिश कर रही है। इसने पहले C-390 मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट के लिए पार्टनरशिप की थी। वहीं, पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ब्राजील दौरे के दौरान राष्ट्रपति लुइस इनासियो लुला डा सिल्वा ने भारत के साथ सहयोग बढ़ाने की इच्छा जाहिर की थी, जिसके बाद अब अडानी समूह के साथ बड़ी साझेदारी हुई है।
गौरतलब है कि बाजार में इस खबर के आने के बाद अडानी समूह के शेयरों में जोरदार उछाल आया है। इससे पहले शुक्रवार को गिरावट दर्ज की गई थी। आज के कारोबार में अडानी एंटरप्राइजेज, अडानी पोर्ट्स और अडानी ग्रीन के शेयरों में 6 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। वहीं, शुक्रवार को अडानी ग्रुप की कंपनियों का सामूहिक बाजार पूंजीकरण में 1.2 लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई थी।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.