
Agniveer Bharti: केंद्र सरकार ने दिवाली से पहले अग्निवीरों के लिए बड़ा फैसला लिया है। भारत के वर्तमान चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल एन. एस. राजा सुब्रमणि ने अग्निवीरों को दो साल का एक्सटेंशन देने का ऐलान किया है। ऐसे में अब अग्निवीरों का कार्यकाल 4 की बजाय 6 साल का हो जायेगा। कैबिनेट की ओर से इस फैसले की मंजूरी दी गई है। पहले बैच के अग्निवीरों की चार साल की सेवा अवधि 21 नवंबर को खत्म हो रही है। केंद्र सरकार ने अग्निवीरों की दो साल की सेवा अवधि विस्तर पर मुहर लगा दी है।
दो साल के सेवा विस्तार को सेकेंड टूर ऑफ ड्यूटी कहा जाएगा। भारतीय सेना के सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा कि यह फैसला मौजूदा अग्निपथ योजना की समीक्षा के बाद लिया गया है। मौजूदा नियम के तहत चार साल की सेवा पूरी होने के बाद 25 फीसदी अग्निवीरों को नियमित कैडर में परमानेंट कर लिया जाता है। बाकी 75 फीसदी को सेवा मुक्त कर दिया जाता है। नए प्रस्ताव के अनुसार 75 फीसदी सेवा मुक्त होने वाले जवानों में से भी एक निश्चित हिस्से को दो साल और सेवा का विकल्प मिलेगा।
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एनएस राजा सुब्रमणि ने कहा कहा कि अग्निपथ योजना 14 जून 2022 को शुरू की गई थी। उस समय यह बताया गया था कि अग्निवीरों के प्रदर्शन का लगातार मूल्यांकन किया जाएगा। समय-समय पर इस योजना की समीक्षा की जाएगी। अग्निवीरों का पहला बैच अब अपना चार साल का कार्यकाल पूरा करने के करीब है।
उन्होने बताया कि इन चार वर्षों में किए गए प्रदर्शन मूल्यांकन के आधार पर उनके काम को लेकर बहुत सकारात्मक फीडबैक मिला है। जैसा कि आप जानते हैं, योग्यता के आधार पर 25% अग्निवीरों को नियमित सेना में शामिल किया जाना है। पहले, 75% अग्निवीरों के लिए यह प्रावधान था कि वे अनुशासित और प्रेरित युवाओं के रूप में वापस समाज में लौटेंगे। अब बाकी 75% अग्निवीरों को अब दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल दिया जाएगा।
कैबिनेट ब्रीफिंग में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज की कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए है। सबसे पहले, मैं हमारे 'क्लीन एनर्जी मिशन' से जुड़े एक बड़े फैसले के बारे में बताना चाहूंगा। भारत ने इस क्षेत्र में अपने प्रदर्शन से नए मानक स्थापित किए हैं। दुनिया भर में पहचान बनाई है। आज कैबिनेट ने 92 GWh की ग्रिड-स्केल एनर्जी स्टोरेज योजना को मंजूरी दी है। इसमें से 30 GWh बैटरी स्टोरेज के लिए और 60 GWh पंप हाइड्रो स्टोरेज के लिए आवंटित किया जाएगा। इस बात का पूरा ध्यान रखा जाएगा कि यह योजना पूरे देश में फैले।
कैबिनेट ने 850 फास्ट-ट्रैक कोर्ट को मजबूत करने और उनके विस्तार को मंजूरी दी है। इसका ऐलान केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने किया है। उन्होंने कहा कि इसकी मदद से बच्चों के शोषण और बलात्कार के मामलों से निपटा जा सकेगा। हमारी सरकार का यह पक्का संकल्प है।
समाज में जब भी इस तरह की समस्याएं या खतरे सामने आएं चाहे वह महिलाओं के खिलाफ अत्याचार हो या अगली पीढ़ी की सुरक्षा के लिए कोई खतरा हम सख्त और निर्णायक कदम उठाएंगे। इसमें मौजूदा कानूनों का पूरी तरह से इस्तेमाल करना, जरूरत पड़ने पर नए कानून बनाना और कानूनों को और अधिक प्रभावी ढंग से लागू करना शामिल है।