
Hunger Detecting device: आजकल सोशल मीडिया पर कुछ न कुछ ऐसा देखने को मिल ही जाता है जो हैरानी भी देता है और हंसी भी। इस बार चर्चा में हैं मंगलुरु के एक युवा इंजीनियर सोहन एम राय, जिन्होंने एक ऐसा डिवाइस बना दिया है, जो आपके पेट की गुड़गुड़ सुनकर खुद-ब-खुद जोमैटो पर खाना ऑर्डर कर देता है। सुनने में मजाक लगता है, लेकिन सोहन ने इसे सच में बनाकर दिखा दिया है।
सोहन ने अपने इस डिवाइस का नाम रखा है MOM—Meal Ordering Module। यह बेल्ट पर क्लिप होकर लगता है और इसे स्टेथोस्कोप से जोड़ा जाता है। इसके अंदर एक छोटा माइक्रोफोन, साउंड सेंसर, बैटरी और एक माइक्रोकंट्रोलर लगाया गया है जो पेट की आवाजें पकड़ता है।
डिवाइस आपके पेट की आवाज सुनकर उसे AI मॉडल को भेजता है। अगर AI यह समझ ले कि आवाज भूख की है, तो डिवाइस सीधे जोमैटो पर खाना ऑर्डर कर देता है। सोहन बताते हैं कि इसके लिए उन्होंने एक पूरा दिन खाने के बिना बिताया ताकि सही वाली भूख की आवाज रिकॉर्ड हो सके। उन्होंने कहा कि दिखने में सेटअप आसान लगता है, लेकिन मॉडल को ट्रेन करने और आवाज को सही तरीके से पढ़ने‑समझने में काफी समय लगा।
सोशल मीडिया पर लोग इस डिवाइस को देखकर जमकर मजे ले रहे हैं। कुछ इसे मजेदार और क्रिएटिव आइडिया बता रहे हैं, तो कुछ पूछ रहे हैं कि “क्या हर गुड़गुड़ भूख ही होती है?” किसी ने इसे बेकार आविष्कार कहा तो किसी ने लिखा कि यह उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है जो काम में इतने बीजी होते हैं कि खाना खाना ही भूल जाते हैं। कुछ लोगों ने तो इसे अपने पालतू जानवरों के लिए भी बनाने की सलाह दी।
सोहन मंगलुरु के रहने वाले एक टेक क्रिएटर हैं। उन्होंने सह्याद्रि कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट से पढ़ाई की है। कुछ इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने खुद का छोटा वेंचर शुरू किया और DIY प्रोजेक्ट्स ऑनलाइन पोस्ट करना शुरू कर दिया। 2023 में वे उस समय भी वायरल हुए थे जब उन्होंने खुद की बनाई ड्रोन मशीन से जोमैटो ऑर्डर डिलीवर किया था।
आज की दुनिया में जहां ज्यादातर लोग बस तकनीक का इस्तेमाल करते हैं, वहां सोहन जैसे क्रिएटर उसे समझ भी रहे हैं और नया रूप भी दे रहे हैं। MOM शायद कल मार्केट में न मिले, पर यह साफ दिखाता है कि असली इनोवेशन वहीं से शुरू होती है जहां जिज्ञासा और हिम्मत मिलकर काम करती है।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.