Air India news: दिल्ली एयरपोर्ट पर गुरुवार को एक बड़ी अनहोनी टल गई। एयर इंडिया के A350 विमान के इंजन में अचानक एक बैगेज कंटेनर फंस गया, जिससे इंजन को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद विमान को तुरंत सुरक्षित जगह पर रोक दिया गया। राहत की बात ये रही कि सभी यात्री और क्रू सुरक्षित रहे। इस पूरे वाकये का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
एयर इंडिया की फ्लाइट AI101, जो दिल्ली से न्यूयॉर्क जा रही थी, ईरानी एयरस्पेस बंद होने की वजह से दिल्ली लौट आई थी। लैंडिंग के बाद जब विमान टैक्सी कर रहा था, तभी घने कोहरे में विजिबिलिटी कम होने से एक बैगेज कंटेनर इंजन में चला गया। इससे दाहिने इंजन को नुकसान हुआ और विमान को तुरंत रोकना पड़ा।
कोहरे ने बढ़ाई मुश्किलें
सुबह के समय दिल्ली एयरपोर्ट पर कोहरा इतना घना था कि ग्राउंड विजिबिलिटी बेहद कम हो गई। इसी दौरान विमान का इंजन कंटेनर को खींच बैठा। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि विमान रनवे पर खड़ा है और उसके आसपास ग्राउंड स्टाफ मौजूद है।
वीडियो हुआ वायरल
विमान में सवार एक यात्री ने घटना के बाद का वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें विमान को टारमैक पर खड़ा देखा जा सकता है। आसपास ग्राउंड स्टाफ मौजूद है और इंजन को हुए नुकसान की झलक भी वीडियो में दिख रही है। वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा तेज हो गई।
एयर इंडिया का बयान
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया, “फ्लाइट AI101, जो दिल्ली से न्यूयॉर्क (JFK) जा रही थी, टेकऑफ के थोड़ी देर बाद ही ईरानी एयरस्पेस बंद होने की वजह से वापस दिल्ली लौट आई। लैंडिंग के बाद जब विमान टैक्सी कर रहा था, तभी घने कोहरे में एक बाहरी चीज इंजन में चली गई और दाहिने इंजन को नुकसान पहुंचा।”
जांच और मरम्मत तक रोक
एयर इंडिया ने विमान को फिलहाल ग्राउंड कर दिया है। इंजन को हुए नुकसान की पूरी तकनीकी जांच की जाएगी और जरूरी मरम्मत के बाद ही विमान को दोबारा उड़ान की इजाजत दी जाएगी। एयरलाइन ने संकेत दिए हैं कि इस वजह से कुछ A350 रूट्स पर अस्थायी असर पड़ सकता है।
यात्रियों के लिए विकल्प
एयर इंडिया ने कहा है कि जिन यात्रियों की यात्रा इस घटना से प्रभावित हुई है, उन्हें वैकल्पिक उड़ानों की व्यवस्था या रिफंड का विकल्प दिया जा रहा है। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताया है और भरोसा दिलाया है कि उनकी मदद की जा रही है।