Air India Flight Turbulence: थाईलैंड से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट आज हादसे का शिकार हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, दिल्ली आते हुए फ्लाइट में भयंकर टर्बुलेंस हुआ, जिसमें कई यात्री घायल हो गए। बता दें कि टर्बुलेंस की वजह से यात्रियों के कान और गर्दन में चोट आई है।
हालांकि, विमान ने दिल्ली में सुरक्षित लैंडिंग कर ली है और सभी यात्री और क्रू सुरक्षित विमान से उतर गए है।
क्रू को भी आई मामूली चोट
Air India ने बताया कि फिलहाल किसी के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी नहीं है। हालांकि, कुछ यात्रियों और क्रू मेंबर्स को मामूली चोटें आई हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें मेडिकल जांच के लिए एयरपोर्ट स्थित चिकित्सा सुविधा में ले जाया गया। एयरलाइन की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल स्टाफ प्रभावित यात्रियों और क्रू को जरूरी मदद और चिकित्सा देखभाल उपलब्ध करा रहे हैं।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा और उनकी भलाई एयरलाइन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रभावित लोगों को हर जरूरी सहायता दी जा रही है। एयरलाइन इस घटना की जांच के तहत संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है।
लैंडिंग के वक्त हुआ हादसा
सूत्रों ने बताया कि घटना लैंडिंग से पहले उस समय हुई जब विमान लैंडिंग के लिए नीचे आ रहा था। टर्बुलेंस के कारण विमान क्षणभर के लिए अनियंत्रित होकर नीचे आ गया। घटना में 10 यात्री और दो केबिन क्रू घायल हो गये हैं। विमान की सुबह 11.07 बजे दिल्ली में लैंडिंग हुई।
कैसे आता है प्लेन में टर्बुलेंस?
प्लेन में टर्बुलेंस तब होता है, जब विमान के रास्ते में हवा की गति और दिशा में अचानक बदलाव आता है। तेज हवाओं, बादलों और तूफान, पहाड़ी इलाकों या ऊंचाई पर बहने वाली जेट स्ट्रीम के आसपास हवा के प्रवाह में बदलाव होने से विमान को झटके लग सकते हैं। कई बार आसमान साफ होने के बावजूद अलग-अलग हवा की परतों की गति में अंतर के कारण प्लेन हिलने लगता है।