Akshay Kumar Viral Video: अभिनेता अक्षय कुमार गुरुवार को मुंबई में वोट डालने पहुंचे, जहां महाराष्ट्र की 29 नगर निकायों में चुनाव हो रहे थे, जिनमें बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) चुनाव भी शामिल है। वोटिंग सेंटर पर जब वो मौजूद थे, तभी एक फैन ने उनसे मदद की गुहार लगाई। उस महिला फैन ने बताया कि उसके पिता भारी कर्जे में फंसे हुए हैं। इस बात पर अक्षय के रिस्पॉन्स ने सोशल मीडिया पर लोगों का दिल जीत लिया है।
लोगों से की वोट डालने की अपील
गुरुवार को अक्षय कुमार मुंबई में मतदान केंद्र पहुंचे और वोट डाला। वे बीएमसी चुनाव में वोट डालने के लिए सबसे पहले पहुंचने वाले सेलेब्रिटीज में से एक थे। वोट डालकर बाहर निकलते वक्त उन्होंने मौजूद फोटोग्राफर्स से बात करते हुए कहा कि वोट का दिन वही होता है, जब आम आदमी के हाथ में फैसला लेने की ताकत होती है। उन्होंने सभी मुंबईकरों से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील भी की।
फैन की गुहार ने सबको किया भावुक
जब अक्षय मतदान केंद्र से बाहर निकलकर अपनी गाड़ी की ओर बढ़ रहे थे, तभी एक महिला फैन उनके पीछे-पीछे आई। हाथ में कागज लिए उस फैन ने बताया कि उसके पिता भारी कर्ज में डूबे हुए हैं और मदद की सख्त जरूरत है। यह पल अचानक आया, लेकिन अक्षय ने उसे नजरअंदाज नहीं किया।
अक्षय के जवाब ने जीत लिया दिल
फैन की बात सुनकर अक्षय कुमार ने उसे अपने टीम मेंबर के पास फोन नंबर देने को कहा। यह छोटा सा इशारा ही लोगों के लिए बहुत बड़ा संदेश बन गया। भावुक होकर फैन ने उनके पैर छूने की कोशिश की, लेकिन अक्षय ने तुरंत रोकते हुए कहा, “बेटा, ऐसा मत करो।” यही पल अब सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा वायरल हो रहा है।
लोगों ने जमकर की एक्टर की तारीफ
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। किसी ने अक्षय को “बड़े दिल वाला” कहा, तो किसी ने इसे असली हीरोगिरी बताया। कई यूजर्स ने लिखा कि अगर कोई मुश्किल में मदद करता है, तो वही असली हीरो होता है। एक यूजर ने लिखा, "बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार अपनी दरियादिली और नेकदिल स्वभाव के लिए हमेशा चर्चा में रहते हैं।"
अक्षय की अपकमिंग फिल्में
वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार आने वाले समय में प्रियदर्शन की फिल्म हैवान में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ सैफ अली खान भी होंगे। इसके अलावा वे भूत बंगला, हेरा फेरी 3 और वेलकम टू द जंगल जैसी फिल्मों पर भी काम कर रहे हैं। टीवी दर्शकों के लिए वह रियलिटी शो व्हील ऑफ फार्च्यून को होस्ट करते भी दिखाई देंगे।