
Akshaye Khanna: तीन दशकों से फिल्म इंडस्ट्री में अपनी सधी हुई अदाकारी से पहचान बना चुके अक्षय खन्ना के लिए 2025 किसी सपने से कम नहीं रहा। शांत स्वभाव, सीमित फिल्मों और दमदार किरदारों के लिए जाने जाने वाले अक्षय खन्ना ने 2025 में ऐसा रिकॉर्ड बना दिया, जिसने बड़े-बड़े सुपरस्टार्स को भी पीछे छोड़ दिया।
2025 में रिलीज हुई अक्षय खन्ना की दो फिल्मों ने मिलकर बॉक्स ऑफिस पर करीब ₹2001 करोड़ की कमाई कर ली है। इसके साथ ही वह एक कैलेंडर ईयर में ₹2000 करोड़ से ज्यादा कमाने वाले दूसरे भारतीय अभिनेता बन गए हैं। उनसे पहले यह कारनामा शाहरुख खान ने किया था।
जनवरी 2025 में आई फिल्म छावा में अक्षय खन्ना ने मुगल शासक औरंगजेब का किरदार निभाया था। फिल्म में विक्की कौशल लीड रोल में थे, लेकिन अक्षय ने लाइमलाइट लूट ली। यह फिल्म दुनियाभर में ₹809 करोड़ कमा कर लंबे समय तक साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बनी रही।
दिसंबर में रिलीज हुई स्पाई थ्रिलर धुरंधर में अक्षय खन्ना गैंगस्टर रहमान डकैत के रोल में नजर आए। फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त, आर माधवन और अर्जुन रामपाल जैसे सितारे भी थे, लेकिन तारीफें एक बार फिर अक्षय के हिस्से आईं। अब तक यह फिल्म ₹1167 करोड़ कमा चुकी है और और अभी भी बॉक्स ऑफिस पर कमाई जारी है। वीकेंड के बाद इसमें और इजाफा होने की उम्मीद है।
एक साल में ₹2000 करोड़ से ज्यादा कमाने का रिकॉर्ड इससे पहले सिर्फ शाहरुख खान के नाम था, जिन्होंने 2023 में पठान, जवान और डंकी से करीब ₹2685 करोड़ कमाए थे। आमिर खान ने दंगल से ₹2000 करोड़ का आंकड़ा जरूर छुआ, लेकिन वह दो साल में पूरा हुआ था।
वहीं प्रभास की बाहुबली 2 और अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 ने ₹1700 करोड़ से ज्यादा कमाए, लेकिन ₹2000 करोड़ के क्लब में एंट्री नहीं हो सकी। रणबीर कपूर के पास आने वाले समय में मौका हो सकता है, लेकिन फिलहाल यह उपलब्धि सिर्फ अक्षय खन्ना के नाम है।
2025 ने साबित कर दिया कि बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ स्टारडम नहीं, दमदार किरदार और मजबूत कहानी भी इतिहास रच सकती है। अक्षय खन्ना का यह रिकॉर्ड आने वाले सालों तक याद रखा जाएगा।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.