Amarnath Yatra 2026 Registration: अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू, जानें घर बैठे कैसे करें रजिस्ट्रेशन

Amarnath Yatra 2026 Registration: देश भर में आज से अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो गई है। आइए जानते हैं कि आप अपना रजिस्ट्रेशन कैसे करा सकते हैं। 

Shivam Shukla( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
अपडेटेड15 Apr 2026, 03:04 PM IST
अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू, जानें घर बैठे कैसे करें रजिस्ट्रेशन
अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू, जानें घर बैठे कैसे करें रजिस्ट्रेशन

Amarnath Yatra 2026 Registration: दक्षिण कश्मीर के दुर्गम हिमालयी इलाके में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा की वार्षिक तीर्थयात्रा के लिए श्रद्धालुओं का इंतजार अब खत्म हो गया है। बुधवार से इस धार्मिक यात्रा के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया देशभर में शुरू कर दी गई है, जिसके पहले ही दिन देश के कई हिस्सों से जमकर रजिस्ट्रेशन हुआ। जम्मू से लेकर दिल्ली और पंजाब तक, निर्धारित बैंक शाखाओं के बाहर तड़के सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। अग्रिम पंजीकरण ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा रहा है।

कब शुरू होगी अमरनाथ यात्रा 2026?

यह 57 दिनों तक चलने वाली यात्रा 3 जुलाई से शुरू होगी और रक्षाबंधन के दिन यानी 28 अगस्त2026 को समाप्त होगी। यह यात्रा दो रास्तों से संचालित होगी, जिसमें अनंतनाग में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम मार्ग और गांदरबल में 14 किलोमीटर का छोटा लेकिन कठिन बालटाल मार्ग शामिल हैं।

रजिस्ट्रेशन के लिए देश भर में कुल 556 शाखाएं

पंजाब नेशनल बैंक के जम्मू मंडल प्रमुख एवं उप महाप्रबंधक (DGM) पंकज कुमार वर्मा ने बताया, ''अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू हो गया है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसे ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से खोला गया है।'' अमरनाथ यात्रा के लिए पंजाब नेशनल बैंक (PNB) नोडल बैंक की भूमिका निभा रहा है। उन्होंने आगे बताया कि देशभर में कुल 556 बैंक शाखाएं रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया में शामिल हैं, जिनमें से 310 शाखाएं पंजाब नेशनल बैंक की हैं। जम्मू में छह काउंटर बनाए गए हैं।

रजिस्ट्रेशन के लिए श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

जम्मू में जे-के बैंक और PNB की ऑफलाइन शाखाओं में सुबह आठ बजे से ही लंबी कतारें देखी गईं, जहां श्रद्धालु पंजीकरण शुरू होने से एक घंटा पहले ही कतार में लग गए। जम्मू निवासी यामिनी शर्मा ने पत्रकारों से कहा, ''मैं गुफा मंदिर में सबसे पहले दर्शन करने वालों में शामिल होना चाहती हूं। इसी कारण मैं सुबह जल्दी पंजीकरण के लिए आयी हूं। यह मेरी दूसरी यात्रा होगी।'' शर्मा ने बताया कि वह अपने माता-पिता, बहन और भाई के साथ पहलगाम मार्ग से यात्रा करेंगी। उन्होंने कहा कि कश्मीर में सुविधाओं में काफी सुधार हुआ है और सामान्य स्थिति बनी हुई है, इसलिए अधिक से अधिक हिंदुओं को यहां आकर दर्शन करने चाहिए।

अमरनाथ यात्रा 2026: पात्रता नियम

आयु सीमा:अमरनाथ यात्रा के लिए केवल 13 से 70 वर्ष की आयु के व्यक्ति ही पात्र हैं।

गर्भवती महिलाएं: यदि गर्भावस्था छह सप्ताह से अधिक हो गई है तो इसकी अनुमति नहीं है।

चिकित्सा प्रमाण पत्र: 8 अप्रैल, 2026 के बाद जारी किया गया स्वास्थ्य प्रमाण पत्र (CHC) अनिवार्य है।

अमरनाथ यात्रा 2026 के लिए आवेदन कैसे करें

श्रद्धालु श्री अमरनाथजी श्राइन बोर्ड (SASB) की ऑफिशियल वेबसाइट के जरिए यात्रा के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। आवेदन पत्र और चिकित्सा प्रमाण पत्र का प्रारूप SASB पोर्टल पर डाउनलोड के लिए उपलब्ध है। पंजीकरण पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा और यात्रा की निर्धारित तारीख से सात दिन पहले पंजीकरण बंद हो जाएगा।

Get Latest real-time updates

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

होमट्रेंड्सAmarnath Yatra 2026 Registration: अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण शुरू, जानें घर बैठे कैसे करें रजिस्ट्रेशन
More