Gautam Gambhir News: देश पहलगाम में आतंकी हमले से रोष में है। इस बीच भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर को एक इस्लामी आतंकी संगठन से धमकी मिल गई। आईएसआईएस कश्मीर (ISIS Kashmir) नाम के आतंकी संगठन ने गौतम गंभीर को जान से मारने की धमकी दी है। गंभीर ने दिल्ली पुलिस को इसकी जानकारी दी। गंभीर की तरफ से दी गई सूचना पर पुलिस जांच में जुट गई है।
गंभीर की शिकायत पर जांच जारी: दिल्ली पुलिस
न्यूज एजेंसी एएनआई के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने कहा, ‘हमें गौतम गंभीर से जुड़े एक ईमेल आईडी पर कथित धमकी भरे मेल के बारे में जानकारी मिली है। इसकी जांच की जा रही है। उन्हें पहले से ही दिल्ली पुलिस की सुरक्षा मिली हुई है, और हम विशिष्ट सुरक्षा व्यवस्था पर टिप्पणी नहीं करते हैं।’
गौतम गंभीर को हत्या की धमकी भरे दो ईमेल
गौतम गंभीर को आईएसआईएस के नाम पर दो धमकी भरे ईमेल मिले। एक ईमेल मंगलवार दोपहर में जबकि दूसरा शाम को मिला। गंभीर को पहले भी कई बार इस्लामी आतंकी संगठनों से धमकियां मिला करती थीं। पहलगाम में इस्लामी आतंकियों के हमले में 26 लोगों की जान चली गई। देश-दुनिया में आक्रोश का वातावरण है। विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी शख्सियतों ने भी पहलगाम हमले की निंदा की जिनमें नामी-गिरामी क्रिकेटर भी शामिल हैं।