आंवला आमतौर पर बालों, त्वचा और पाचन से जुड़ी समस्याओं का समाधान माना जाता है। इसमें जरूरी विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो सेहत के लिए बहुत फायदेमंद हैं। यह सिर्फ दादी-नानी का घरेलू नुस्खा ही नहीं है, बल्कि आयुर्वेद भी आंवले की ताकत को मानता है। लेकिन हर सुपरफूड की तरह आंवले के भी कुछ नुकसान हो सकते हैं।
अधिक मात्रा में सेवन करने से डिहाइड्रेशन (शरीर में पानी की कमी) और एसिडिटी जैसी समस्याएं हो सकती हैं, जिनके बारे में जानना जरूरी है। आंवला विटामिन C से भरपूर होता है और इसमें एस्कॉर्बिक एसिड अच्छी मात्रा में पाया जाता है।
इसकी तासीर अम्लीय (खट्टी) होती है, इसलिए जिन लोगों को पहले से एसिडिटी या हाइपरएसिडिटी की समस्या रहती है, उनके लिए यह पेट में जलन बढ़ा सकता है। ऐसे लोगों में आंवला खाने से एसिड रिफ्लक्स की समस्या भी हो सकती है।
“Consequences of excessive use of Amlarasa (sour taste): A case-control study” नाम की एक स्टडी में बताया गया है कि अत्यधिक खट्टे स्वाद (आम्ल रस) का सेवन जोड़ों में सूजन, दांतों में झनझनाहट, मुंह में छाले, बदबूदार सांस, सीने में जलन और त्वचा पर दाने जैसी समस्याओं का कारण बन सकता है।
आंवले का ज्यादा सेवन करने से गले में जलन और एसिडिटी हो सकती है, क्योंकि इसमें मौजूद विटामिन C पेट में जलन पैदा कर सकता है, खासकर उन लोगों में जिन्हें पहले से एसिडिटी की समस्या है। इसके अलावा, आंवला डाययूरेटिक होता है, यानी पेशाब ज्यादा लगती है, जिससे शरीर में पानी की कमी भी हो सकती है।
आंवला ब्लड शुगर लेवल को भी कम कर सकता है। इसलिए जिन लोगों को लो ब्लड शुगर (हाइपोग्लाइसीमिया) की समस्या है या जो डायबिटीज की दवाइयां लेते हैं, उन्हें इसका सेवन करते समय अपने शुगर लेवल पर नजर रखनी चाहिए, ताकि अचानक शुगर न गिर जाए। हर चीज को अगर सही मात्रा में खाया जाए तो उससे नुकसान नहीं होता है। ऐसे में ये जानना बहुत ही जरूरी है कि आंवला को खाने का सही तरीका क्या है?
आंवला खाने का सही तरीका
- दिन में 1 ताजा आंवला या 1–2 चम्मच आंवला पाउडर पर्याप्त होता है।
- एसिडिटी से बचने के लिए इसे खाने के बाद खाना बेहतर है।
- आंवले को शहद या गुनगुने पानी के साथ लेने से पाचन बेहतर होता है।
- आंवले का मुरब्बा भी बनाया जा सकता है। इसके लिए आंवले में कांटे से छेद करें, थोड़े पानी में उबालें और फिर चाशनी में पकाएं। इसे आप नाश्ते या स्नैक की तरह खा सकते हैं।
(डिस्क्लेमर: ये सलाह सामान्य जानकारी के लिए दी गई है। कोई फैसला लेने से पहले विशेषज्ञ से बात करें। मिंट हिंदी किसी भी परिणाम के लिए जिम्मेदार नहीं है।)