Auto LPG Price Hike: मिडिल ईस्ट में जारी जंग अब आम आदमी की जेब पर भारी पड़ने लगी है। इसका असर अब दिखने लगा है। अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध से ग्लोबल सप्लाई चेन ठप हो गई है, जिसकी वजह से कच्चे तेल और गैस की कीमतों में उछाल आ रहा है। इसी क्रम में बुधवार को बेंगलुरु में ऑटो LPG की कीमतों में 11.78 रुपये प्रति लीटर की भारी बढ़ोतरी हुई है। इस इजाफे के बाद गैस के दाम 89.52 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गए हैं, जिससे मध्यम वर्ग और ऑटो चालकों को बड़ा झटका लगा है। दो हफ्ते पहले यानी 20 मार्च को ऑटो LPG गैस की कीमत 77.74 रुपये प्रति लीटर थी।
100 रुपये से ऊपर भी कई निजी पंप बेच रहे ऑटो LPG गैस
इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम जैसी सरकारी कंपनियों ने भले ही ऑफिशियल रेट 89.52 रुपये प्रति लीटर तय किया हो, लेकिन कुछ पेट्रोल पंप संचालक इससे भी महंगी दरों में बेच रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शहर में गैस की भारी किल्लत का फायदा उठाकर कई निजी पंप 100 से 106 रुपये प्रति लीटर के दाम पर बिक्री कर रहे हैं। इससे ऑटो चालकों पर बड़ा संकट आ गया है।
मनी कंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक, आदर्श ऑटो ड्राइवर्स यूनियन के महासचिव सी. संपथ ने कहा "IOCL की आधिकारिक कीमत तो 89.52 रुपये प्रति लीटर है, लेकिन बेंगलुरु के कई निजी एलपीजी स्टेशनों पर यह 106 रुपये लीटर तक बिक रहा है। उन्होंने बताया, “स्टेशनों पर 2 किलोमीटर तक लंबी कतारें लग रही हैं। ड्राइवर्स को भारी नुकसान हो रहा है।”
सप्लाई ठप होने से कीमतों में उछाल
बता दें कि पश्चिम एशिया में 28 फरवरी 2026 को इजराइल और अमेरिका की ओर से ईरान पर हमला शुरू किया गया था। ईरान की तरफ से जवाबी कार्रवाई शुरू हुई, जिससे हार्मुज स्ट्रेट में शिपिंग बाधित हो गई। इस इलाके से दुनिया का बड़ा तेल-गैस व्यापार होता है, इसलिए कीमतों में तेज उछाल आया। मनी कंट्रोल को एक निजी ऑटो एलपीजी डीलर ने बताया, “पिछले हफ्ते एक टन एलपीजी की कीमत करीब 60 हजार रुपये थी, जो अब 1.90 लाख रुपये हो गई है। सप्लाई बहुत कम हो गई है। कई स्टेशन बंद हो रहे हैं और जो चल रहे हैं, वे ज्यादा पैसे वसूल रहे हैं।”