झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने राज्य के खजाने से लगभग 10,000 करोड़ रुपये गायब होने के मामले को लेकर वित्त मंत्री पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। मरांडी ने आज यह मामला उठाने के लिए सोशल मीडिया मंच एक्स का सहारा लिया। उन्होंने एक्स पर एक लंबी पोस्ट में कहा कि एक जिम्मेदार विपक्ष के तौर पर बीजेपी हेमंत सरकार के भ्रष्टाचार को जनता के सामने लाकर रहेगी।
बाबूलाल मरांडी ने एक्स पोस्ट में किया बड़े घोटाले का दावा
बाबूलाल ने अपने एक्स पोस्ट की शुरुआत इस सवाल से की- झारखंड में आखिर चल क्या रहा है? उन्होंने आगे कहा, 'राज्य के खजाने से लगभग 10,000 करोड़ रुपये गायब हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि वित्त मंत्री द्वारा इस रकम का हिसाब मांगने पर भी कोई विभाग जवाब देने को तैयार नहीं है।' बाबूलाल ने हेमंत सरकार पर आरोप लगाया कि उसने नेताओं, मंत्रियों और अधिकारियों को 10 हजार करोड़ रुपये के गायब होने पर चुप्पी ठाने रखने की हिदायत दे रखी है। उन्होंने लिखा, ‘वित्त मंत्री द्वारा अधिकारियों को इस निमित्त बैठक बुलाने के निर्देश दिए जाते हैं, पर अधिकारी न बैठक करते हैं और न ही मंत्री को जवाब देना जरूरी समझते हैं।’
वित्त मंत्री के निर्देशों का ही नहीं हो रहा पालन
बाबूलाल ने कहा कि सरकारी खजाने से पैसा निकाला जा रहा है, लेकिन वह पैसा कहां खर्च हुआ, इसका हिसाब-किताब ही नहीं है। उन्होंने वित्त मंत्री के निर्देशों की ही धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाया। मरांडी ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस कोटे के मंत्रियों को पूरी तरह पंगु बनाकर पूरी सरकार को अपनी मुट्ठी में जकड़ रखी है।
मुख्यमंत्री की चुप्पी पर सवाल
झारखंड विधानसभा में नेता विपक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इतने बड़े मामले पर बिल्कुल चुप हैं और मुख्य सचिव फाइलों पर कार्रवाई नहीं करे, इसका मतलब है कि दाल में कुछ काला है। बाबूलाल मरांडी ने दावा किया कि विपक्ष इतने बड़े मामले से पर्दा उठाकर रहेगा और असलियत को जनता के सामने जरूर लाएगा।