
Bangladesh Out From T20 World Cup: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने शनिवार, 24 जनवरी को बड़ा फैसला लिया है। ICC ने बांग्लादेश के अड़ियल रवैये पर सख्त रुख अपनाते हुए अगले महीने से शुरू होने वाले टी-20 विश्वकप (T20 World Cup) से बाहर कर दिया है। 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की मेजबानी में होने वाले टी-20 विश्वकप में उसकी जगह स्कॉटलैंड को ग्रुप सी में शामिल करने की आधिकारिक ऐलान किया है।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के मुख्य कार्यकारी संजोग गुप्ता ने बोर्ड को औपचारिक रूप से पत्र लिखा कि बांग्लादेश की मांगें बोर्ड की पॉलिसी के हिसाब से नहीं है। बोर्ड के सभी सदस्यों को लिखे गए इस पत्र में गुप्ता ने बताया कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) आईसीसी बोर्ड के फैसले का पालन नहीं कर रहा था। वहीं, बड़े इवेंट के लिए बांग्लादेश की जगह किसी दूसरे देश, इस मामले में स्कॉटलैंड को बुलाने के अलावा कोई और रास्ता नहीं था। इस पत्र की कॉपी बीसीबी के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम को भी भेजी गई है। अमीनुल इस्लाम आईसीसी बोर्ड के सदस्य हैं।
उन्होंने क्रिकेट स्कॉटलैंड को भी लिखा और उन्हें भारत और श्रीलंका में होने वाली चैंपियनशिप में हिस्सा लेने के लिए औपचारिक न्योता भेजा है। क्रिकबज ने क्रिकेट स्कॉटलैंड की मुख्य कार्यकारी ट्रुडी लिंडब्लेड से संपर्क किया। उनकी ओर से कोई तुरंत जवाब नहीं मिला, लेकिन वेबसाइट को पता चला है कि शनिवार सुबह दुबई और एडिनबर्ग के बीच हॉटलाइन शुरू हो गई थीं।
क्रिकेट की वर्ल्ड गवर्निंग बॉडी ने बांग्लादेश को भारत में खेलने के अपने रुख पर विचार करने का समय दिया था । ICC मुख्य कार्यकारी गुप्ता लगातार बीसीबी सदस्यों के साथ बातचीत कर रहे थे। आईसीसी नहीं चाहता था कि ऐसा कोई खतरनाक उदाहरण बने जहां कोई सदस्य मैचों को दूसरी जगह कराने की मांग करे। आईसीसी ने साफ कर दिया था कि वह विश्व कप प्रतियोगिता की पवित्रता की रक्षा करना चाहता है।
बता दें कि स्कॉटलैंड अपने प्रदर्शन के आधार पर मौजूदा रैंकिंग में 14वें नंबर है। इस लिए उसे विश्वकप में जगह मिली है। स्कॉटलैंड अब टूर्नामेंट के शुरुआती स्टेज में ग्रुप सी में होगा। वह कोलकाता में वेस्टइंडीज (सात फरवरी), इटली (नौ फरवरी) और इंग्लैंड (14 फरवरी) के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद वह मुंबई जाकर 17 फरवरी को नेपाल से भिड़ेगा।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.