
बेंगलुरु के इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी स्थित इन्फोसिस कैंपस में एक शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां एक 28 वर्षीय कर्मचारी को महिला सहकर्मी ने वॉशरूम में छुपकर वीडियो बनाते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कंपनी ने भी आरोपी को नौकरी से निकाल दिया है।
ये घटना 30 जून को हुई थी, जब महिला वॉशरूम में गई और उसने एक क्यूबिकल से किसी रोशनी की अजीब सी परछाई देखी। जब उसने चेक किया तो पाया कि आरोपी स्वप्निल नागेश माली (महाराष्ट्र के सांगली का निवासी) टॉयलेट सीट पर चढ़कर मोबाइल से वीडियो बना रहा था। महिला ने तुरंत उसे पकड़ लिया और हंगामा मच गया।
घटना की जानकारी मिलते ही कंपनी के अन्य कर्मचारी और HR टीम मौके पर पहुंची। आरोपी के फोन की जांच की गई तो उसमें महिला के वीडियो क्लिप्स पाए गए। इसके बाद इन्फोसिस ने आंतरिक जांच शुरू की और आरोपी से महिला और उसके परिवार से माफी मांगने को कहा गया, लेकिन परिवार ने किसी समझौते से इनकार कर दिया।
इन्फोसिस ने कहा, "हम इस घटना से अवगत हैं और हमने आरोपी कर्मचारी के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की है। उसे कंपनी से निकाल दिया गया है। हमने पीड़िता की हरसंभव मदद की है और पुलिस को पूरा सहयोग दे रहे हैं। इन्फोसिस एक ऐसा माहौल देने के लिए प्रतिबद्ध है जहां किसी भी तरह की उत्पीड़न की कोई जगह न हो।"
महिला के परिवार की शिकायत पर इलेक्ट्रॉनिक्स सिटी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया। बुधवार को पुलिस ने स्वप्निल माली को गिरफ्तार कर लिया। उस पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है जिसमें महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाना और निजता का हनन शामिल है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने ये वीडियो किसी और को भेजे हैं या अन्य महिलाओं के साथ भी ऐसा किया है। पुलिस पता लगा रही है कि यह सिलसिला कितने समय से चल रहा था।
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.