
Nitish Kumar Master Move: राजनीति में इन दिनों एक ही सवाल हर जुबां पर है कि क्या नीतीश कुमार दिल्ली कूच करने की तैयारी में हैं? आ उनके एक बयान ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संकेत दिए हैं कि वह इस बार राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा रखते हैं।
नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पिछले दो दशक से भी अधिक समय से आपने अपना विश्वास एवं समर्थन मेरे साथ लगातार बनाए रखा है, तथा उसी के बल पर हमने बिहार की और आप सब लोगों की पूरी निष्ठा से सेवा की है। आपके विश्वास और समर्थन की ही ताकत थी कि बिहार आज विकास और सम्मान का नया आयाम प्रस्तुत कर रहा है। इसके लिए पूर्व में भी मैंने आपके प्रति कई बार आभार व्यक्त किया है।
संसदीय जीवन शुरू करने के समय से ही मेरे मन में एक इच्छा थी कि मैं बिहार विधान मंडल के दोनों सदनों के साथ संसद के भी दोनों सदनों का सदस्य बनूं। इसी क्रम में इस बार हो रहे चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनना चाह रहा हूं। मैं आपको पूरी ईमानदारी से विश्वास दिलाना चाहता हूं कि आपके साथ मेरा यह संबंध भविष्य में भी बना रहेगा एवं आपके साथ मिलकर एक विकसित बिहार बनाने का संकल्प पूर्ववत कायम रहेगा। जो नई सरकार बनेगी उसको मेरा पूरा सहयोग एवं मार्गदर्शन रहेगा।
नीतीश कुमार की इस पोस्ट से पहले जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विधान पार्षद संजय सिंह ने कहा कि यदि नीतीश कुमार राज्यसभा में जाना चाहते हैं, तो ये सिर्फ उनका निर्णय होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा चुनाव के लिये दो उम्मीदवारों के चयन पर चर्चा करने के लिए बुधवार की रात अपनी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई बैठकें कीं। ये लगभग तय है कि केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर राज्यसभा चुनावों के लिए जदयू के उम्मीदवार होंगे। दूसरे उम्मीदवार को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं, कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार खुद या उनके बेटे निशांत या कोई और जदयू के दूसरे उम्मीदवार के तौर पर राज्यसभा जाएगा। हालांकि अब नीतीश कुमार के पोस्ट के बाद साफ हो गया है कि खुद नीतीश कुमार अब राज्यसभा जाना चाहते हैं।
इस बीच जदयू के विधान पार्षद संजय सिंह ने कहा कि राज्यसभा जाने का फैसला सिर्फ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को ही करना है। उन्होंने कहा कि यदि नीतीश कुमार राज्यसभा जाने का फैसला करते हैं, तो जदयू के नेताओं और कार्यकर्ताओं को इसे मानना होगा। बिहार के लोग आने वाले दिनों में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बने रहने के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि यदि नीतीश कुमार आखिरकार राज्यसभा जाने का फैसला करते हैं तो जदयू के नेता और कार्यकर्ता निराश होंगे।
बिहार से राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव होंगे और नामांकन करने की आखिरी तारीख आज यानी 05 मार्च है। यदि जरूरत पड़ी तो 16 मार्च को वोटिंग होगी।संख्या के हिसाब से, बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों में से एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए 41 सदस्य के समर्थन की जरूरत होगी। 202 सदस्य वाले राजग को चार सीटें जीतने में कोई मुश्किल नहीं होगी, लेकिन पांचवीं सीट के लिए उसे तीन और सदस्य के सहयोग का इंतजाम करना होगा।
दूसरी ओर महागठबंधन के 35 सदस्यों में से 25 सदस्य वाली राष्ट्रीय जनता दल (राजद)को एक राज्यसभा सीट जीतने के लिए छह और वोटों के समर्थन का इंतजाम करना होगा।अब ये देखना दिलचस्प होगा कि पार्टी सीट जीतने के लिए जरूरी नंबर कैसे जुटा पाती है। राजग के लिए भी यही हाल है कि वो अपने पांचवें उम्मीदवार की जीत पक्की करे।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.
Oops! Looks like you have exceeded the limit to bookmark the image. Remove some to bookmark this image.