बिहार की सभी विधानसभा सीटों से कैंडिडेट उतारने का ऐलान, क्या एनडीए में नहीं रहेंगे चिराग पासवान?

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है उनकी पार्टी बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इस बयान के बाद एनडीए में उनकी भूमिका को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

Abhay Shankar Pandey
पब्लिश्ड8 Jun 2025, 09:05 PM IST
बिहार की सभी विधानसभा सीटों से कैंडिडेट उतारने का ऐलान, क्या एनडीए में नहीं रहेंगे चिराग पासवान?
बिहार की सभी विधानसभा सीटों से कैंडिडेट उतारने का ऐलान, क्या एनडीए में नहीं रहेंगे चिराग पासवान? (HT)

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है उनकी पार्टी बिहार की सभी 243 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। आरा में एक रैली के दौरान उन्होंने जनता से अपील की कि वे तय करें कि उन्हें किस सीट से चुनाव लड़ना चाहिए। इस बयान के बाद एनडीए में उनकी भूमिका को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं।

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने रविवार को साफ कर दिया कि वे इस साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में उतरेंगे। हालांकि, किस सीट से लड़ना है, यह फैसला वे जनता पर छोड़ दिए हैं। ये बातें उन्होंने आरा के वीर कुंवर सिंह स्टेडियम में ‘नव संकल्प महासभा’ को संबोधित करते हुए कहीं।

'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' की वापसी

रैली में चिराग पासवान ने अपने पुराने नारे 'बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट' को दोहराया और कहा कि वह अपने पिता रामविलास पासवान के सपनों को साकार करने के लिए चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा, 'मैं अपने पिता के दिखाए रास्ते पर चलकर बिहार को बदलने के लिए विधानसभा चुनाव लड़ूंगा।'

243 सीटों पर चुनाव की तैयारी, सीएम बनने की नहीं है इच्छा

चिराग पासवान ने यह भी साफ किया कि वे सिर्फ अपनी पार्टी का स्ट्राइक रेट बेहतर करने के लिए चुनाव लड़ना चाहते हैं, इसे मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा से जोड़कर न देखा जाए। उन्होंने कहा, 'मेरे चुनाव लड़ने से राजग को फायदा होगा। मेरी पार्टी राज्य की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ने को तैयार है।'

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने चिराग पर बोला हमला

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, 'हम 243 सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं। जिसको जितनी सीटों पर चुनाव लड़ना है वह लड़े। कौन सी पार्टी कितनी सीटों पर चुनाव लड़ रही है, इससे जनता को कोई लेना-देना नहीं है। चिराग पासवान और दूसरे नेताओं को बताना है कि बिहार में बच्चों की शिक्षा कैसे होगी, बिहार से पलायन कैसे रुकेगा और बिहार में भ्रष्टाचार कैसे रुकेगा?'

चिराग ने पारिवारिक संघर्ष को किया याद

अपने चाचा पशुपति नाथ पारस का नाम लिए बिना चिराग ने कहा कि पिता के निधन के बाद जब वे मुश्किल दौर से गुजर रहे थे, तब अपनों ने ही उन्हें झटका दिया। 'मेरे ही परिवार के लोगों ने मेरे पिता के निधन के तुरंत बाद अपनी महत्वाकांक्षाएं दिखानी शुरू कर दीं। लेकिन मुझे गर्व है कि मैंने शेर के बच्चे की तरह लड़ाई लड़ी। मुझे बिहार की जनता ने उस कठिन वक्त में सहारा दिया।'

यह भी पढ़ें | राजनीति और बीमारी के बीच सत्यपाल मलिक की कहानी, ट्वीट पर मचा बवाल

चिराग पासवान का राहुल गांधी पर पलटवार

राहुल गांधी के बयान पर जिसमें उन्होंने बिहार को ‘अपराध की राजधानी’ कहा था, चिराग ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस और राजद को 2005 से पहले के ‘जंगलराज’ की याद करनी चाहिए। उन्होंने कहा, 'आज बिहार की छवि बदल चुकी है। डबल इंजन की सरकार ने राज्य को विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया है।'

जनता से सवाल पूछने की अपील

चिराग पासवान ने बिहार के लोगों से अपील की कि जब नेता वोट मांगने आएं तो उनसे पूछें कि उन्होंने पिछले वर्षों में क्या किया। उन्होंने यह भी कहा कि यह साल सबके लिए खास कर बिहार की जनता के लिए महत्वपूर्ण है। यह साल बिहार के पांच सालों का भविष्य निर्धारित करेगा। यह पांच साल बिहार के व्यक्ति के जीवन में महत्व रखता है।

(समाचार एजेंसी भाषा और वार्ता के इनपुट के साथ)

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सबिहार की सभी विधानसभा सीटों से कैंडिडेट उतारने का ऐलान, क्या एनडीए में नहीं रहेंगे चिराग पासवान?
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सबिहार की सभी विधानसभा सीटों से कैंडिडेट उतारने का ऐलान, क्या एनडीए में नहीं रहेंगे चिराग पासवान?