IAS officers Transfer 2026: बिहार सरकार ने जिला एवं अनुमंडल स्तर पर प्रशासनिक ढांचे में फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 22 अधिकारियों का तबादला किया है।इस तबादले की सबसे अधिक चर्चा 2020 बैच के ‘आईएएस टॉपर’ शुभम कुमार को लेकर है। कटिहार जिले के रहने वाले शुभम कुमार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह क्षेत्र नालंदा का उप विकास आयुक्त (डीडीसी) बनाया गया है। वह अब तक भागलपुर नगर निगम के नगर आयुक्त के पद पर कार्यरत थे।
वहीं, 2022 बैच के आईएएस अधिकारी ऋतुराज प्रताप सिंह को राज्य के प्रमुख नगर निगमों में शामिल मुजफ्फरपुर का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस व्यापक तबादले में नौ जिलों को नए डीडीसी मिले हैं, जबकि पांच आईएएस अधिकारियों को अनुमंडल स्तर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
अधिसूचना के अनुसार, 2019 बैच के आईएएस अधिकारी समीर सौरभ को जिला परिषद (पटना) के उप विकास आयुक्त-सह-मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पद से स्थानांतरित कर बिहार राज्य दुग्ध सहकारी संघ लिमिटेड (कंफेड) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। उनके पद को संयुक्त सचिव स्तर के समकक्ष घोषित किया गया है।
वहीं नालंदा के नगर आयुक्त 2019 बैच के अधिकारी दीपक कुमार मिश्रा को मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें बिहार विकास मिशन के कार्यालय में अपर निदेशक-सह-मिशन निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।