Viral Birthday cake: जन्मदिन पर हर कोई चाहता है कि उसका केक खास हो और उस पर प्यारा सा मैसेज लिखा हो। लेकिन एक महिला के साथ ऐसा मजेदार हादसा हुआ कि सोशल मीडिया पर लोग हंसी रोक नहीं पाए। दरअसल, महिला ने ऑर्डर के जो डिलीवरी इंस्ट्रक्शन दिया था वो केक पर लिख दिया गया और यह वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया।
डिलीवरी नोट बना केक का मैसेज
नक्षत्रा नाम की महिला ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें दिखा कि उनके सामने रखा केक किसी बर्थडे विश की जगह “leave at security” लिखा हुआ था। यह लाइन आमतौर पर डिलीवरी बॉय को दी जाती है ताकि ऑर्डर गेट पर छोड़ा जा सके। लेकिन गलती से यही मैसेज केक पर आ गया।
कैप्शन में बताया पूरा किस्सा
नक्षत्रा ने वीडियो के साथ लिखा, “मेरे बर्थडे पर मेरे दोस्त ने @zomato से केक ऑर्डर किया और केक वाले ने सचमुच ‘leave at security’ लिख दिया।” वीडियो में वह पहले हैरान दिखती हैं और कुछ सेकंड बाद वह खुद हंस पड़ती है। वहां मौजूद लोग भी ठहाके लगाने लगते हैं।
सोशल मीडिया पर मजेदार रिएक्शन
यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया और इसे दस लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। कमेंट सेक्शन में रिएक्शन्स की भरमार हो गई है। एक यूजर ने लिखा, “अब तक का सबसे ईमानदार केक।” दूसरे ने कहा, “कम से कम इंस्ट्रक्शन तो सही से फॉलो हुए।” एक और यूजर ने मजाक में लिखा, “सिक्योरिटी को केक का पीस मिलना चाहिए।”
हालांकि यह एक छोटी सी चूक थी, लेकिन इसने बर्थडे को और भी यादगार बना दिया। कई लोग कमेंट्स में यह भी कहते दिखे कि ऐसे फनी मोमेंट्स ही जिंदगी की असली खुशी होते हैं।