Bengal Election 2026: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने शुक्रवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपने संकल्प पत्र का ऐलान कर दिया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 'संकल्प पत्र' जारी करते हुए इसे 'सोनार बांग्ला' के निर्माण की रूपरेखा बताया। भाजपा ने बंगाल की जनता से वादा किया है कि अगर राज्य में उनकी सरकार बनती है, तो वे घुसपैठ के खिलाफ कड़ा रुख अपनाएंगे। इसके साथ ही महिला और वोटर्स को भी लुभाने की कोशिश की गई है। भाजपा के घोषणा पत्र के मुताबिक, हर महिला और बेरोजगार युवा को 3,000 रुपये महीना की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं, 45 दिन के भीतर राज्य के कर्मचारियों के लिए सातवां वेतन आयोग गठित करने का वादा किया।
ममता के शासन में डर के जी रहे लोग: शाह
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में 'संकल्प पत्र' लॉन्च करते हुए कहा कि यह दस्तावेज बंगाल के समाज के हर वर्ग के प्रति भाजपा की प्रतिबद्धता को दर्शाता है और लोगों में खोया हुआ विश्वास वापस लाने का प्रयास है। शाह ने ममता बनर्जी के पिछले 15 साल के शासन को अंधकार का दौर बताया। उन्होंने दावा किया कि बंगाल के लोग अब डर के माहौल में जी रहे हैं और बदलाव की तलाश में हैं।
उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस का 15 साल का शासन पश्चिम बंगाल के लिए एक बुरे सपने जैसा था। शाह ने कहा, "भाजपा का संकल्प पत्र किसानों, युवाओं और महिलाओं को नई दिशा देगा। यह पश्चिम बंगाल की संस्कृति पर गर्व करने वाले हर नागरिक को नई उम्मीद देगा और 'सोनार बांग्ला' के निर्माण के लिए रूपरेखा की तरह काम करेगा।''
सभी नागरिकों के लिए एक समान लागू होंगे कानून
घुसपैठ और सीमा सुरक्षा के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार घुसपैठियों के खिलाफ, “डिटेक्ट, डिलीट और डिपोर्ट की नीति अपनाएगी। पश्चिम बंगाल में हमारी सरकार घुसपैठ के लिए जीरो टॉलरेंस की पॉलिसी अपनाएगी। पश्चिम बंगाल में सभी नागरिकों के लिए एक समान कानून लागू किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि हर व्यक्ति को अपने धर्म का स्वतंत्र रूप से पालन करने की गारंटी देने के लिए कानून लाया जाएगा। भाजपा ने सीमाओं को सुरक्षित करने और पशु तस्करी पर रोक लगाने का भी वादा किया।”
सरकारी नौकरी में महिलाओं को 33% मिलेगा आरक्षण
महिला मतदाताओं को साधने के लिए संकल्प पत्र में कई पहल का ऐलान किया गया है। राज्य की महिलाओं को हर महीने 3,000 रुपये की आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया है। साथ ही, भाजपा ने पुलिस बल समेत सभी सरकारी नौकरियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण देने की भी घोषणा की है। एक अन्य घोषणा में शाह ने कहा कि बेरोजगार युवाओं को भी 3,000 रुपये मासिक भत्ता दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो 45 दिन के भीतर राज्य कर्मचारियों के लिए सातवां वेतन आयोग गठित किया जाएगा।