Blinkit Ambulance Service: सुबह 4 बजे का वो कॉल,जो प्राची के लिए जिंदगी का सबसे मुश्किल पल बन गया। दिल्ली में रहने वाली उनकी चाची को सीजर अटैक पड़ गया, लेकिन कैब बुक करने की हर कोशिश फेल हो रही थी। दूर मुंबई में बैठी प्राची भी परेशान हो रही थी कि तभी उनके पति को एक आइडिया आया और उन्होंने कहा कि ब्लिंकिट से एम्बुलेंस बुक करो। उसके बाद प्राची के साथ जो हुआ वो किसी चमत्कार से कम नहीं था।
प्राची ने अपनी स्टोरी सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए ब्लिंकिट की खूब तारीक की है। प्राची की स्टोरी अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है। उन्होंने बताया कि सुबह 4 बजे दिल्ली में रहने वाली उनकी चाची को अचानक अटैक आ गया। परिवार कैब बुक करने की कोशिश कर रहे थे लेकिन 15 मिनट में आने वाली कैब घर पहुंची ही नहीं। कैब नहीं आने पर पूरा परिवार परेशान था।
फ्री में घर आ गई एंबुलेंस
जब प्राची को इसके बारे में पता चला तो उनके पति ने कहा कि याद है हमने ब्लिंकिट के बारे में बात की थी? कहीं पढ़ा था कि ब्लिंकिट से एम्बुलेंस बुक कर सकते हो,उन्होंने तुरंत ऐप खोला। प्राची उस वक्त किसी भी कीमत पर एबुलेंस बुक करना चाहती थी, लेकिन जैसे ही ऐप खोला, तो उसमें ये सर्विस पूरी तरह से फ्री थी। बुकिंग बहुत आसान थी, कोई सवाल-जवाब नहीं। एंबुलेंस बुक होने के कुछ देर में ही चाची के घर पर पहुंच गई।
दूर से बैठकर की परिवार की मदद
प्राची ने अपने पोस्ट में आगे लिखा कि कुछ साल पहले नानी को भर्ती कराने एम्बुलेंस चाहिए थी। उस वक्त एंबुलेंस वाले पैसे मांगते थे। कुछ तो कॉल तक नहीं उठाते थे। ऐसे वक्त में हम सभी काफी असहाय महसूस कर रहे थे। हालांकि अब वक्त बदल चुका है। ब्लिंकिट ने सब बदल दिया है। दूसरे शहर में होने के बावजूद लगा कि मैं परिवार की मदद कर पाई।
ब्लिंकिट की इस सर्विस से हैं अंजान
प्राची ने ये भी बताया कि कई लोग इस फ्री सर्विस से अनजान हैं। मैंने सोचा कि अगर इससे मुझे मदद मिली,तो किसी और की भी हो सकती है। ऑफिस वालों से शेयर किया। वहां पर भी काफी लोग नहीं जानते थे कि ऐसी भी सर्विस मौजूद है। पोस्ट में उन्होंने आगे लिखा कि टीम ब्लिंकिट, थैंक यू! आप कभी नहीं जानते कब मदद की जरूरत पड़े। भगवान न करे कोई इस स्थिति में हो,लेकिन प्रैक्टिकल रूप से - ब्लिंकिट खोलो, मिनटों में एम्बुलेंस दरवाजे पर।