Border 2 Box Office Collection Day 1: सिनेमा हॉल में देशभक्ति का जोश एक बार फिर देखने को मिला है। सनी देओल की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘बॉर्डर 2’ ने रिलीज के पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर ऐसा आगाज किया। पहले दिन की कमाई ने साफ कर दिया कि यह फिल्म सिर्फ नाम से नहीं, असर में भी बड़ी है।
Day 1 Box Office Collection: पहले दिन कितनी की कमाई?
‘बॉर्डर 2’ ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर पहले ही दिन डबल डिजिट में यानी 32.10 करोड़ रुपये की शानदार कमाई दर्ज की है। फिल्म के निर्माताओं ने शनिवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी। शुक्रवार को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होते ही फिल्म को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला।
सुबह से ही खचाखच भरे थे सिनेमाहॉल
मेकर्स के मुताबिक, सुबह के शो से ही सिनेमाघरों में भारी भीड़ देखने को मिली। दर्शकों में काफी उत्साह नजर आया। इसी वजह से ‘बॉर्डर 2’ हाल के वर्षों में पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है।
बॉर्डर 2 की कहानी क्या है
साल 1997 में आई सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ का निर्देशन जेपी दत्ता ने किया था, जो 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध और लोंगेवाला की लड़ाई पर आधारित थी। अब उसी संघर्ष की पृष्ठभूमि पर बनी ‘बॉर्डर 2’ को अनुराग सिंह ने निर्देशित किया है। फिल्म को टी-सीरीज और जेपी फिल्म्स के सहयोग से तैयार किया गया है।
फिल्म का स्टारकास्ट
फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा मोना सिंह, सोनम बाजवा, अन्या सिंह और मेधा राणा भी कहानी को मजबूत बनाती दिखाई देती हैं।
इस फिल्म का निर्माण भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता ने मिलकर किया है। बड़ी स्टारकास्ट और मजबूत बैकग्राउंड के साथ फिल्म को बड़े पैमाने पर पेश किया गया है।
खाड़ी देशों में बॉर्डर 2 नहीं हुई रिलीज
खबरों के मुताबिक, कथित तौर पर ‘पाकिस्तान विरोधी’ कथानक के चलते ‘बॉर्डर 2’ को छह खाड़ी देशों- बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात में रिलीज की मंजूरी नहीं मिली है। इससे पहले आदित्य धर की फिल्म ‘धुरंधर’ को भी इन देशों में रिलीज नहीं किया गया था।
पहले दिन की कमाई ने साफ कर दिया है कि ‘बॉर्डर 2’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि दर्शकों की भावनाओं से जुड़ा अनुभव बन चुकी है। अब देखना ये होगा कि फिल्म वीकेंड और आने वाले दिनों में कितना कलेक्शन करती है। क्या यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नया इतिहास रचेगी, इसका जवाब वक्त देगा।