पूर्व अभिनेत्री सेलीना जेटली ने अपने पति पीटर हाग के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दायर किया है। यह मामला महाराष्ट्र के मुंबई में अंधेरी स्थित ज्यूडिशियल मैजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास की अदालत में दाखिल किया गया है। पीटर हाग ऑस्ट्रिया के निवासी हैं।
सेलीना ने पति के खिलाफ क्या आरोप लगाए?
सेलीना जेटली ने अपने पति पीटर हाग पर घरेलू हिंसा, क्रूरता और मनोवैज्ञानिक शोषण जैसे आरोप लगाए हैं। यह मामला मंगलवार को एस.सी. ताडये, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, अंधेरी की अदालत में वेरिफिकेशन और नोटिस के लिए पेश हुआ। एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, सेलीना ने ₹50 करोड़ के मुआवज़े की मांग की है। इसके अलावा, अपनी आय के स्रोत और संपत्तियों को हुए नुकसान के लिए भी अतिरिक्त रकम की मांग की है।
सेलीना और पीटर का परिवार
सेलीना जेटली और पीटर हाग के तीन बेटे हैं। दोनों ने 2011 में शादी की थी। 2012 में उनके जुड़वा बेटे विंस्टन और विराज का जन्म हुआ था। 2017 में उन्होंने फिर जुड़वा बेटों को जन्म दिया जिनका नाम शमशेर और आर्थर है। मगर दुर्भाग्य से 2017 में पैदा हुए जुड़वा बेटों में से एक, शमशेर, दिल की बीमारी के कारण गुजर गया।
सेलीना के भाई के साथ क्या हुआ?
हाल ही में सेलीना अपने भाई के मामले को लेकर भी चर्चा में थीं। उनके भाई, मेजर (सेवानिवृत्त) विक्रांत जेटली, को सितंबर 2024 में यूएई में कथित रूप से गैरकानूनी तरीके से हिरासत में लिया गया था ऐसा दावा सेलीना का है। भारत के विदेश मंत्रालय ने इस महीने की शुरुआत में कहा था कि वे सेलीना के भाई को सभी संभव सहायता प्रदान कर रहे हैं।