Champat Rai Resignation: अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी विवाद पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के ट्रस्ट के महासचिव रहे चंपत राय ने इस्तीफे बाद पहला बयान जारी किया है। चंपत राय ने कहा कि मैंने मौन धारण किया है और मेरे ऊपर झूठे आरोप लग रहे हैं।
चंपत राय ने एक्स पर हाथ से लिखे एक पत्र की तस्वीर शेयर की है। इस पत्र को शेयर करते हुए उन्होंने गोस्वामी तुलसीदास रचित रामचरितमानस के अयोध्याकांड की चौपाई- 'धीरज धर्म मित्र अरु नारी, आपद काल परिखिअहिं चारी' लिखी है।
पत्र में क्या लिखा है?
चंपत राय ने एक्स पर जो लेटर शेयर किया है। उसमें लिखा है कि पिछले कुछ दिनों से श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में दान-पात्रों की गणना के समय हुई चोरी के संबंध में अधिक चर्चा चल रही है। इस विषय में मेरे ऊपर अनेकों द्वारा अनर्गल आरोप लगाए गए हैं, जिस पर मैंने मौन धारण कर लिया था।
‘सत्य सबके सामने आ जाएगा’
मंदिर परिसर की हाल ही में संपन्न बैठक में एसआईटी (SIT) की प्रारंभिक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई है। इस रिपोर्ट के आधार पर, मैं समस्त राम भक्तों से आह्वान करता हूं कि SIT की अंतिम रिपोर्ट आने तक धैर्य रखें। अंतिम रिपोर्ट आने के बाद, मैं सभी तथ्यों और बिंदुओं पर अपना पक्ष विस्तार से रखूंगा, जिससे सारा सत्य सबके सामने आ जाएगा।मैं अक्टूबर 1991 से अयोध्या में संगठन द्वारा भेजा गया हूं। मेरा प्रचारक जीवन एक खुली पुस्तक के समान है। सभी को सादर पूर्वक नमन।
बता दें कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सोमवार को राम मंदिर के लिए दिए गए दान में हेराफेरी के आरोपों के बीच राय और मिश्रा के इस्तीफे स्वीकार कर लिए थे। इसी बैठक में ट्रस्ट ने अपने प्रशासनिक और वित्तीय तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से एक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति तथा दान व रिकॉर्ड के प्रबंधन को व्यवस्थित करने के फैसले भी लिए।