Chhath Puja Traffic Advisory: छठ महापर्व पर दिल्ली-NCR में दो दिन लग सकता है जाम, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

Chhath Puja 2025: छठ पूजा के दौरान आज श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए दिल्ली यातायात पुलिस ने यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू किया है। अगर आप इनका पालन करेंगे, तो जाम से बच सकते हैं।

Anuj Shrivastava( विद इनपुट्स फ्रॉम भाषा)
पब्लिश्ड27 Oct 2025, 07:24 AM IST
दिल्ली में दो दिन लग सकता है जाम
दिल्ली में दो दिन लग सकता है जाम

Chhath Puja Traffic Advisory: दिल्ली में अगले दो दिनों में छठ पूजा के लिए विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ इकट्ठा होने की आशंका है। इसे देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने रविवार को शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन लागू कर दिया है।

अगले दो दिन यातायात रहेगा प्रभावित

यातायात पुलिस की ओर से जारी यात्रा परामर्श के मुताबिक, सोमवार दोपहर से मंगलवार सुबह तक प्रमुख छठ पूजा घाटों से सटी सड़कों पर यातायात प्रभावित रहने की आशंका है, लिहाजा लोगों को घाटों के पास जाने से बचने और जहां तक संभव हो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी जाती है।

यह भी पढ़ें | समंदर गरज रहा है... 100 KM की रफ्तार से आएगी तबाही, यहां बरसेगा मोंथा का कहर

इन इलाकों में लग सकता है जाम

आज पूर्वी और उत्तर-पूर्वी दिल्ली में पुराना लोहा पुल के पास गांधी नगर छठ पूजन समिति नाव घाट, पूर्वांचल नव निर्माण संगत घाट और गीता कॉलोनी के पास सत्यमेव जयते घाट पर 45-45 हजार से अधिक श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।वहीं डीएनडी यमुना खादर और शास्त्री पार्क के पास बनाए गए छठ घाट पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच सकते हैं, ऐसे में गीता कॉलोनी, आईपी एक्सटेंशन और शास्त्री पार्क के पास यातायात की गति बेहद धीमी रहने का अनुमान है।

ये रास्ते रहेंगे बंद

वहीं भजनपुरा में शास्त्री पार्क से युधिष्ठिर सेतु तक जीटी रोड पर सोमवार को शाम पांच बजे से सात बजे के बीच और मंगलवार को सुबह पांच बजे से सात बजे के बीच वाणिज्यिक वाहनों को आवाजाही की अनुमति नहीं होगी। गांधी नगर में शांतिवन लूप और लक्ष्मी नगर से कैलाश नगर रोड सोमवार को शाम पांच बजे से छह बजे तक तथा मंगलवार को सुबह पांच बजे से सात बजे तक बंद रहेगी तथा यातायात को अप्रयुक्त नहर रोड की तरफ मोड़ा जाएगा।

यह भी पढ़ें | दिल्ली से बिहार तक बारिश का अलर्ट जारी, जानिए आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम

सोनिया विहार जाने के लिए बदलना होगा रूट

इसके अलावा खजूरी खास में सोनिया विहार की ओर जाने वाले यातायात को नानकसर से ओल्ड वजीराबाद रोड की ओर, जबकि सोनिया विहार बॉर्डर से वाहनों को एमसीडी टोल से सभापुर गांव की ओर मोड़ दिया जाएगा। मध्य और उत्तरी दिल्ली में जगतपुर स्थित श्याम घाट, शनि मंदिर घाट और आईएसबीटी के पास वासुदेव घाट समेत कई घाटों पर भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

वहीं मजनू का टीला, बुराड़ी, वजीराबाद रोड और यमुना के आसपास के इलाकों में लोगों को भारी यातायात जाम का सामना करना पड़ सकता है। लाल कुआं से तुगलकाबाद एक्सटेंशन, खादर कालिंदी कुंज रोड, आगर नहर रोड और रोड नंबर 13 तक एमबी रोड पर वाहनों की आवाजाही धीमी रह सकती है।

यातायात पुलिस ने कहा है कि पश्चिमी दिल्ली में, डाबरी स्थित सूर्य उपासना पार्क, राजा पुरी स्थित विश्वास पार्क और मंगोलपुरी स्थित छठ पूजा पार्क में बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। राजा पुरी मुख्य मार्ग, डाबरी-पालम रोड और मंगोलपुरी में शाम के समय यातायात धीमा हो सकता है।

रेलवे स्टेशन जाने वालों को खास सलाह

अधिकारियों ने कहा कि नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन, पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन, निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी की ओर जाने वाले मार्गों पर कोई प्रतिबंध लागू नहीं होगा, लेकिन यात्रियों को संभावित देरी के मद्देनजर अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करनी चाहिए। उन्होंने लोगों को यात्रा के लिए दिल्ली मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की सलाह दी।

Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.

बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सChhath Puja Traffic Advisory: छठ महापर्व पर दिल्ली-NCR में दो दिन लग सकता है जाम, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
More
बिजनेस न्यूज़ट्रेंड्सChhath Puja Traffic Advisory: छठ महापर्व पर दिल्ली-NCR में दो दिन लग सकता है जाम, ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
OPEN IN APP