
Today weather Update: उत्तर भारत इस वक्त हाड़ कंपा देने वाली ठंड की चपेट में है। दिन में निकल रही धूप भी कुछ जगह पर बेअसर हो गई है। दिल्ली हो या मनाली रात के वक्त दोनों ही जगह ठंडीस्तान बन जाती है। आज क्रिसमस के दिन भी दिल्ली से लेकर यूपी तक कोहरा छाने का अलर्ट जारी है। वहीं कुछ पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी देखने को मिल सकती है। आइए जानते हैं आज कैसा रहेगा देशभर का मौसम
साल खत्म होने में बस चंद दिन बचे हैं। ऐसे में राजधानी दिल्ली के लोगों को ठंड के साथ प्रदूषण का भी कहर झेलना पड़ रहा है। आलम ऐसा है कि सुबह के वक्त धुंध और कोहरा दोनों ही देखने को मिल रहा है। आज भी मौसम विभाग ने सुबह के वक्त राजधानी में कोहरा छाने की उम्मीद जताई है। कोहरे की वजह से विजिबिलिटी भी काफी कम हो सकती है। हालांकि दिन में धूप निकल सकती है, लेकिन चंद घंटे की धूप ठंड के आगे बेबस नजर आने वाली है। आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान 8 डिग्री दर्ज किया जा सकता है।
उत्तर प्रदेश में घने कोहरे के बीच ठंड अपनी पकड़ बनाए हुए है। मौसम विभाग ने बताया कि आने वाले दो दिनों में यूपी के लोगों को सर्द हवाएं और सताने वाली हैं। इतना ही नहीं न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट भी आ सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, के अनुसार, 25 दिसम्बर को पूर्वी यूपी के साथ पश्चिमी यूपी के कई शहर घने कोहरे की सफेद चादर में लिपटे रहेंगे। आज प्रयागराज, कौशाम्बी, फतेहपुर, मिर्जापुर, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, महाराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, बाराबंकी, सीतापुर, लखीमपुर खीरी,पीलीभीत, शाहजहांपुर, बरेली, रामपुर और सहारनपुर में कोल्ड डे वाला मौसम बना रहेगा।
वहीं यूपी से सटे बिहार में चल रही पछुआ हवाएं लोगों को घर में छिपने को मजबूर कर रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार इन पछुआ हवाओं से 28 दिसंबर तक कोई राहत नहीं मिलने वाली है।बिहार के गया, नालंदा एवं शेखपुरा जिलों में 'कोल्ड डे' जैसे हालात बने रहे हैं। वहीं आज पटना में अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
हाड़ कंपा देने वाली सर्दियों के लिये मशहूर कश्मीर के 40 दिन के 'चिल्ला-ए- कलां' के चौथे दिन भी मौसम शुष्क रहा। मौसम विभाग के अनुसार अभी दो-तीन दिन मौसम ऐसा ही रहेगा, लेकिन 29 दिसंबर से जम्मू कश्मीर में बादल छाएंगे और कई जगहों पर बरसात हो सकती है।
मौसम विभाग ने एक बयान में कहा कि 24 से 28 दिसंबर तक घाटी में थोड़े बादल छाये रहेंगे लेकिन सूखा रहने का अनुमान है। विभाग ने कहा कि 29 दिसंबर को बादल छाये रह सकते हैं और इस दौरान घाटी के पहाड़ी इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है जबकि कुछ मैदानी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 30 दिसंबर से एक जनवरी तक घाटी में बादल छाए रहेंगे, मैदानी इलाकों में हल्की बारिश और कुछ जगहों पर हल्की बर्फबारी होगी।
Catch all the Business News, Market News, Breaking News Events and Latest News Updates on Live Mint. Download The Mint News App to get Daily Market Updates.